{"vars":{"id": "130921:5012"}}

विधान परिषद याचिका समिति की बैठक में 18 प्रकरणों की समीक्षा, सात प्रमुख विभागों पर हुई गहन चर्चा

Varanasi : विधान परिषद की याचिका समिति की बैठक में 18 प्रकरणों की समीक्षा की गई। सात विभागों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। नगर निगम कार्यों की गुणवत्ता, जिम व पार्क निर्माण पर रिपोर्ट ली गई। सभापति ने सभी शिलान्यास-लोकार्पण पर MLC के नाम अंकित करने और विभागों में बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

Varanasi : विधान परिषद की याचिका समिति की बैठक कार्यकारी सभापति अशोक अग्रवाल के सभापतित्व में सर्किट हाउस सभागार में आयोजित की गई। बैठक में कुल 18 प्रकरणों की समीक्षा की गई और वाराणसी के सात प्रमुख विभागों—लोक निर्माण, सिंचाई, पंचायती राज, ऊर्जा, ग्राम विकास, नगर निगम एवं आवास-विकास से संबंधित मामलों पर चर्चा हुई।

नगर निगम और विकास कार्यों पर समीक्षा

बैठक में सबसे पहले नगर निगम से जुड़े निर्माण कार्यों, इंटरलॉकिंग, आउटडोर जिम निर्माण, पार्कों के सौंदर्यीकरण तथा गुणवत्ता के विषय में नगर आयुक्त ने समिति को जानकारी दी। सभापति ने निर्देश दिया कि सभी शिलान्यास और लोकार्पण कार्यों में विधान परिषद सदस्यों के नाम अंकित किए जाएँ।

समिति ने संबंधित अधिकारियों को अन्तर्विभागीय समन्वय स्थापित कर प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया। जिन प्रकरणों पर शासन स्तर पर कार्रवाई अपेक्षित है, उन्हें शासन को संदर्भित कर शीघ्र समाधान करने पर जोर दिया गया।

ग्राम और सड़क निर्माण कार्यों में असंतोष

- ग्राम वाजिदपुर और हरहुआ में CC रोड और नाली निर्माण संबंधी कार्यों में समुचित जवाब न मिलने पर समिति ने असंतोष जताया।

- विधान परिषद सदस्य राय धर्मेंद्र सिंह ने जिला पंचायत के विकास कार्यों और सड़क निर्माण की गुणवत्ता की जांच कराने का सुझाव दिया।

- विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता को निर्देशित किया गया कि विद्युतीकरण से छूटे मजरे के लिए जनप्रतिनिधियों से प्रस्ताव लें और योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें।

समिति ने ग्राम अखरी, रामपुर और लठिया में किसानों की भूमि मुक्त कराने के संबंध में जिलाधिकारी को आवास एवं विकास परिषद के साथ सर्वे कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिए कहा।

समिति का निष्कर्ष और निर्देश

सभापति अशोक अग्रवाल ने कहा कि सभी याचिकाएं जनता से जुड़ी होती हैं और इन पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र निस्तारण करना सभी का दायित्व है। बैठक के अंत में जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए समिति द्वारा दिए गए निर्देशों का शीघ्र अनुपालन सुनिश्चित कराने का आश्वासन दिया।

बैठक में याचिका समिति सदस्य अरूण पाठक, मुकुल यादव, उमेश कुमार द्विवेदी, श्याम नारायण सिंह ‘विनीत सिंह’, आशुतोष सिन्हा, हंसराज विश्वकर्मा, राय धर्मेंद्र सिंह, साथ ही जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, डीसीपी ट्रैफिक अनिल यादव, नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल, मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।