{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी में पिस्टल खोंसकर रील बनाना युवक को पड़ा महंगा, वायरल वीडियो के बाद पुलिस ने किया गिरफ्तार, निकली टॅाय गन

 

वाराणसी। दशाश्वमेध थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर भौकाल दिखाने के लिए पिस्टल के साथ रील बनाना एक युवक को भारी पड़ गया। गोदौलिया से दशाश्वमेध मार्ग पर हथियार जैसा दिखने वाला सामान लेकर वीडियो बनाने और उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने के मामले में पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में पिस्टल टॉय गन निकली, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।

पुलिस के अनुसार इंस्टाग्राम पर वायरल हो रहे वीडियो की जांच के दौरान युवक की पहचान रवि शंकर मिश्रा पुत्र सुरेंद्र नाथ मिश्रा के रूप में हुई। वह मूल रूप से भीमचंडी, थाना राजातालाब का निवासी है और वर्तमान में अगस्तकुंडा स्थित दत्तात्रेय मठ क्षेत्र में रह रहा था। उसकी उम्र करीब 23 वर्ष बताई गई है।

वायरल वीडियो में युवक सार्वजनिक स्थान पर कमर में पिस्टल खोंसे हुए दिखाई दे रहा था। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए युवक की तलाश शुरू की और उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की।

जांच के दौरान पुलिस ने वीडियो में इस्तेमाल की गई पिस्टल बरामद कर ली। पूछताछ में पता चला कि वह असली हथियार नहीं बल्कि एक टॉय गन थी। हालांकि, सार्वजनिक स्थान पर हथियार जैसा प्रदर्शन कर लोगों में भय और गलत संदेश फैलाने के उद्देश्य से वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित करने को पुलिस ने गंभीरता से लिया है।

दशाश्वमेध पुलिस ने बताया कि युवक के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के लिए ऐसे वीडियो न बनाएं, जिससे कानून-व्यवस्था प्रभावित हो या समाज में गलत संदेश जाए।

पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर वायरल होने वाली आपत्तिजनक और भ्रामक सामग्री पर लगातार नजर रखी जा रही है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।