वाराणसी में गाली देने पर भरते थे जुर्माना, नकदी समेत ‘गालीदंड पात्र’ उठा ले गए चोर
वाराणसी। सिगरा थाना क्षेत्र के उर्वशी कॉम्प्लेक्स में बीती रात चोरों ने एक अनूठे 'गालीदंड पात्र' का ताला तोड़कर उसमें जमा हजारों रुपये की नकदी पार कर दी। चोर नकदी के साथ पात्र को भी उठा ले गए। इस अजीबोगरीब वारदात के बाद ऑक्सीजन क्लब के सदस्यों ने सिगरा थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दी है।
सूचना मिलते ही सिगरा पुलिस ने मामले का संज्ञान लेकर संदिग्धों की तलाश और छानबीन शुरू कर दी है। क्षेत्र में चर्चा का विषय यह है कि गालीबाजों को सजा के तौर पर लगाए गए जुर्माने की रकम चोर कैसे उड़ा ले गए। एक अपराध की सजा के जुर्माने को दूसरे अपराधी द्वारा चुराए जाने की खबर पूरे शहर में वायरल हो रही है।
अमर्यादित भाषा रोकने के लिए हुई थी अनूठी पहल
ऑक्सीजन क्लब के सदस्यों के अनुसार, परिसर और आपसी बातचीत के दौरान गाली-गलौज और अमर्यादित भाषा के प्रयोग पर रोक लगाने के उद्देश्य से यह विशेष व्यवस्था शुरू की गई थी। नियम के तहत यदि किसी सदस्य के मुंह से गाली या अमर्यादित शब्द निकल जाता, तो उस पर जुर्माना लगाया जाता और वह राशि 'गालीदंड पात्र' में जमा कराई जाती थी।
अपार्टमेंट के भूतल और अंडरग्राउंड हिस्से में रखे गए इस पात्र को भी चोरों ने नहीं बख्शा। सुबह जब लोग उठे तो न केवल पात्र गायब मिला, बल्कि कॉम्प्लेक्स के कुछ फ्लैटों के ताले भी टूटे पाए गए।
सेवा कार्यों में खर्च होती थी जमा राशि
अधिवक्ता देवेश श्रीवास्तव "बच्ची" ने घटना का ब्योरा देते हुए बताया कि ऑक्सीजन क्लब से जुड़े लोग प्रतिदिन सुबह सिगरा स्थित उर्वशी कॉम्प्लेक्स के नीचे एकत्र होते हैं। आपसी अनुशासन और सकारात्मक माहौल बनाए रखने के लिए क्लब ने 'गालीदंड पात्र' की अनोखी पहल की थी। देखते ही देखते इस पात्र में गाली के जुर्माने के रूप में हजारों रुपये जमा हो गए थे।
सदस्यों के मुताबिक, पात्र में जमा होने वाली राशि का उपयोग समाजसेवा के कार्यों में किया जाता था। हर माह यह धनराशि अमन कबीर तथा पशुसेवी सुनील लहरी को सौंपी जाती थी। लेकिन बीती रात चोरों ने अंडरग्राउंड में रखे पात्र का ताला तोड़ा और पूरी नकदी समेत पात्र को ही अपने साथ ले गए।
फ्लैटों के ताले टूटने से सुरक्षा पर उठे सवाल
क्लब के सदस्यों ने बताया कि इस वारदात के दौरान कॉम्प्लेक्स के कई फ्लैटों के ताले भी टूटे मिले हैं। एक साथ कई फ्लैटों के ताले टूटना और अनोखे दंड पात्र की चोरी हो जाना क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। इस घटना को लेकर निवासियों और सदस्यों में चर्चा के साथ-साथ सुरक्षा को लेकर चिंता भी देखी जा रही है।
पुलिस से शीघ्र कार्रवाई की मांग
घटना के बाद ऑक्सीजन क्लब के सदस्यों ने सिगरा थाने में प्रार्थना-पत्र देकर पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दी है। शिकायत में चोरों का पता लगाकर चोरी गई नकदी और पात्र बरामद करने तथा कॉम्प्लेक्स व आसपास के क्षेत्र में गश्त और सुरक्षा बढ़ाने की मांग की गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है और आसपास के संदिग्धों व गतिविधियों की पड़ताल जारी है।