BHU में चीफ प्रॉक्टर से अभद्रता व सुरक्षाकर्मियों से धक्का-मुक्की, 35-40 छात्रों पर मुकदमा
वाराणसी I काशी हिंदू विश्वविद्यालय परिसर में शनिवार की रात फायरिंग की सूचना के बाद पहुंचे सुरक्षाकर्मियों और छात्रों के बीच तीखी झड़प हो गई। मामले में 35 से 40 अज्ञात छात्रों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
सुरक्षाधिकारी परमानंद सिंह की तहरीर के अनुसार विश्वविद्यालय कार्यालय को सूचना मिली कि बिरला ‘ए’ छात्रावास के पास गोली चलने की घटना हुई है। सूचना मिलते ही प्राक्टोरियल बोर्ड के सदस्य सुरक्षाकर्मियों के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे।
आरोप है कि वहां मौजूद लगभग 35-40 छात्रों का समूह उग्र हो गया और चीफ प्राक्टर के नाम पर आपत्तिजनक व भद्दी टिप्पणियां करने लगा। जब टीम ने उन्हें शांत रहने के लिए कहा तो छात्रों ने प्राक्टोरियल बोर्ड के सदस्यों और सुरक्षाकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की और गाली-गलौज की।
बताया गया कि छात्रों ने सड़क जाम कर धरना भी दिया, जिससे परिसर में कुछ समय के लिए आवागमन बाधित रहा। स्थिति को नियंत्रित करने के बाद संबंधित छात्रों के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परिसर की शांति भंग करने और सुरक्षाकर्मियों के साथ दुर्व्यवहार करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।