{"vars":{"id": "130921:5012"}}

SIDA बोर्ड बैठक में औद्योगिक विकास को रफ्तार, 18 प्रस्ताव मंजूर 

जौनपुर SIDA की 42वीं बैठक में 18 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट, भूखंड आवंटन, भूमि खरीद और विकास कार्यों पर अहम फैसले हुए। मंडलायुक्त एस राजलिंगम ने अधिकारियों को सभी परियोजनाएं तय समय में पूरा करने और पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए।

 

वाराणसी: सतहरिया औद्योगिक विकास प्राधिकरण (SIDA) की 42वीं बोर्ड बैठक में औद्योगिक क्षेत्र के विकास से जुड़े 18 अहम प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट लगाने, किसानों से भूमि खरीदने, भूखंड आवंटन और विकास कार्यों को स्वीकृति देने जैसे बड़े फैसले लिए गए।

मंडलायुक्त एस राजलिंगम की अध्यक्षता में कमिश्नरी सभागार में हुई बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सभी स्वीकृत परियोजनाएं तय समय सीमा के भीतर पूरी की जाएं और कार्यों में पूरी पारदर्शिता रखी जाए।

बैठक में औद्योगिक क्षेत्र की बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया। इसके तहत सड़क, बिजली, पानी और सुरक्षा व्यवस्था बेहतर करने की योजना पर चर्चा हुई। साथ ही निवेशकों को आकर्षित करने के लिए नई योजनाओं और प्रोत्साहन नीतियों पर भी विचार किया गया।

सीडा क्षेत्र के अधिसूचित गांवों में स्टांप शुल्क से प्राप्त करीब 27.5 लाख रुपये की राशि से विकास कार्य कराने को मंजूरी दी गई। इसके अलावा सड़क, भवन और अनुरक्षण से जुड़े जरूरी कार्यों को भी हरी झंडी दी गई।

बैठक में यह भी तय हुआ कि क्षेत्र में औद्योगिक निवेश बढ़ाने और स्थानीय रोजगार के अवसर पैदा करने के लिए विकास कार्यों को तेज किया जाएगा।

जिलाधिकारी एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी जौनपुर दिनेश चंद्र वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक में शामिल हुए और अटल योजना के तहत कराए गए कार्यों की जानकारी दी।