काशी विद्यापीठ के छात्रों का इंडस्ट्रियल टूर, 4 औद्योगिक इकाइयों में समझी उत्पादन से बाजार तक की प्रक्रिया
Varanasi : महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के अर्थशास्त्र विभाग के विद्यार्थियों का शैक्षणिक दल मंगलवार को एक दिवसीय औद्योगिक भ्रमण पर गया। भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को औद्योगिक कार्यप्रणाली से रूबरू कराने के साथ उनमें नवाचार, स्टार्टअप और स्वरोजगार के प्रति रुचि विकसित करना था। कुलपति प्रो. आनन्द कुमार त्यागी ने शैक्षणिक दल को झंडी दिखाकर रवाना किया।
चार औद्योगिक इकाइयों का किया दौरा
विभागाध्यक्ष प्रो. अंकिता गुप्ता के संयोजन में आयोजित भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को उद्योगों की कार्यप्रणाली का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त हुआ। प्रो. राजीव कुमार, प्रो. राकेश कुमार तिवारी, डॉ. ऊर्जासविता सिंह और डॉ. गंगाधर के निर्देशन में विद्यार्थियों के अलग-अलग समूहों ने बनारस बीड्स प्राइवेट लिमिटेड, पुष्पांजलि साड़ी प्राइवेट लिमिटेड, कमला प्रेस प्राइवेट लिमिटेड और सिग्मा कैपेसिटर्स प्राइवेट लिमिटेड का भ्रमण किया।
इस दौरान विद्यार्थियों ने औद्योगिक इकाइयों में उत्पादन प्रक्रिया से लेकर उत्पादों के विपणन तक की विभिन्न गतिविधियों को करीब से समझा। उन्हें उद्योग संचालन और बाजार तक उत्पाद पहुंचाने की प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी दी गई।
MSME प्रतिनिधियों ने बताए स्टार्टअप के अवसर
औद्योगिक भ्रमण के बाद एमएसएमई संघ एवं स्मॉल इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों से संवाद किया। प्रतिनिधि राजेश भाटिया, राजेश सिंह, राणा और नीरज पारेख ने नवाचार आधारित स्टार्टअप शुरू करने, उद्योग स्थापित करने के लिए आवश्यक औपचारिकताओं और एमएसएमई क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों के बारे में जानकारी दी।
प्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों को रोजगार तलाशने के साथ उद्यमिता और स्वरोजगार के विकल्पों को समझने तथा नवाचार आधारित व्यावसायिक विचारों को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।