{"vars":{"id": "130921:5012"}}

रक्षाबंधन की मिठास पर महंगाई की मार, सपा का सरकार पर हमला, बोलीं रीबू श्रीवास्तव- इथेनॉल नीति की...

 


वाराणसी। रक्षाबंधन के त्योहार से पहले चीनी और मिठाइयों की बढ़ती कीमतों को लेकर समाजवादी पार्टी ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है। समाजवादी पार्टी महिला सभा की महानगर अध्यक्ष संगीता पटेल ने महंगाई को लेकर सरकार से सवाल किए, वहीं कैंट विधानसभा वाराणसी की प्रभारी रीबू श्रीवास्तव ने गन्ने के इथेनॉल उत्पादन में इस्तेमाल की नीति की समीक्षा करने की मांग की।

रीबू श्रीवास्तव ने कहा कि रक्षाबंधन जैसे त्योहार पर महंगाई का सीधा असर आम परिवारों की खुशियों पर पड़ रहा है। चीनी महंगी होने से मिठाइयों के दाम भी बढ़े हैं। ऐसे में बहनों के लिए भाइयों का मुंह मीठा कराना पहले की तुलना में अधिक महंगा हो गया है।

उन्होंने कहा कि सरकार ने किसानों की आय दोगुनी करने और गन्ने से इथेनॉल उत्पादन के जरिए पेट्रोल की कीमतों में राहत देने का दावा किया था। लेकिन आज भी किसानों की आय और पेट्रोल की कीमतों को लेकर सवाल कायम हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को गन्ने के इथेनॉल उत्पादन में इस्तेमाल की समीक्षा करनी चाहिए और चीनी उत्पादन के लिए पर्याप्त मात्रा में गन्ने की उपलब्धता सुनिश्चित करनी चाहिए।

रीबू श्रीवास्तव ने कहा कि चीनी की कीमतों को नियंत्रित करने के लिए सरकार को तत्काल प्रभावी कदम उठाने चाहिए, ताकि त्योहार के समय आम लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ न पड़े। उन्होंने मीडिया से भी अपील की कि महंगाई से प्रभावित आम परिवारों, महिलाओं और किसानों की आवाज सरकार तक पहुंचाई जाए।

इसी मुद्दे पर महिला सभा की महानगर अध्यक्ष संगीता पटेल ने भी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार ने किसानों की आय दोगुनी करने का वादा किया था। साथ ही यह भी कहा गया था कि गन्ने से इथेनॉल बनने से पेट्रोल की कीमतों में कमी आएगी। उन्होंने सवाल किया कि जब न किसानों की आय दोगुनी हुई और न ही पेट्रोल सस्ता हुआ तो इस नीति का लाभ

आखिर किसे मिला?

संगीता पटेल ने आरोप लगाया कि गन्ने का इस्तेमाल इथेनॉल उत्पादन में बढ़ने से चीनी की उपलब्धता और कीमतों पर दबाव पड़ रहा है, जिसका असर मिठाई कारोबार और आम उपभोक्ताओं पर भी दिखाई दे रहा है।

उन्होंने सरकार पर व्यंग्य करते हुए कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को राखी भेंट करना चाहती हैं, लेकिन भाई का मुंह मीठा कराने के लिए मिठाई के बजाय नमक लेकर आई हैं। उन्होंने कहा कि महंगाई ने रक्षाबंधन जैसे त्योहार की मिठास को भी फीका कर दिया है।

संगीता पटेल ने सरकार से चीनी की कीमतों पर तत्काल नियंत्रण लगाने, इथेनॉल उत्पादन के लिए गन्ने के इस्तेमाल की समीक्षा करने और आम जनता को राहत देने की मांग की। पार्टी की ओर से इस मुद्दे को लेकर विरोध प्रदर्शन किए जाने और राज्यपाल के नाम जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपने की बात भी कही गई है।