काशी में सुगम दर्शन की पहल, मैदागिन से सोनारपुरा तक नो व्हीकल जोन और 40 गोल्फ कार्ट चलाने की तैयारी
वाराणसी। शहर के प्रमुख धार्मिक और व्यावसायिक क्षेत्र मैदागिन से सोनारपुरा तक यातायात जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए नगर निगम बड़ी पहल करने की तैयारी में है। इस मार्ग पर प्रतिदिन 2500 से अधिक वाहनों के दबाव को देखते हुए पूरे क्षेत्र को नो व्हीकल जोन बनाने की योजना तैयार की जा रही है। प्रस्ताव के तहत निजी कार, ऑटो, रिक्शा और ई-रिक्शा की आवाजाही प्रतिबंधित कर केवल ई-गोल्फ कार्ट का संचालन किया जाएगा।
योजना को धरातल पर उतारने के लिए नगर निगम ने टोयोटा कंपनी से कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) फंड के तहत 40 गोल्फ कार्ट उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है। इस संबंध में कंपनी के अधिकारियों से बातचीत भी हो चुकी है।
श्रद्धालुओं और व्यापारियों को मिलेगी राहत
प्रस्तावित व्यवस्था से श्री काशी विश्वनाथ धाम आने वाले श्रद्धालुओं के साथ स्थानीय व्यापारियों को भी जाम से राहत मिलने की उम्मीद है। व्यापारियों के लिए विशेष पास जारी करने की योजना है। वहीं, गोल्फ कार्ट में यात्रा करने वाले यात्रियों को निर्धारित किराया देना होगा। नगर निगम की इस पहल का उद्देश्य यातायात व्यवस्था सुधारने के साथ पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना भी है।
वर्तमान में संचालित हो रहीं 16 गोल्फ कार्ट
अक्षय तृतीया से शहर के विभिन्न स्थानों पर गोल्फ कार्ट सेवा शुरू की गई थी। वर्तमान में मैदागिन, राजनारायण पार्क (बेनियाबाग) और कबीरचौरा से श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के गेट नंबर चार तक 16 गोल्फ कार्ट का संचालन किया जा रहा है।
यह सुविधा सुबह सात बजे से रात 11 बजे तक उपलब्ध है। गोल्फ कार्ट की बैठने की क्षमता नौ और 13 यात्रियों की है। बेनियाबाग से मंदिर के गेट नंबर चार तक का किराया 20 रुपये, जबकि गिरिजाघर से मंदिर तक का किराया 10 रुपये निर्धारित है।
इस वर्ष 18 बार बनाया गया नो व्हीकल जोन
इस वर्ष गोदौलिया और आसपास के क्षेत्रों को 18 बार नो व्हीकल जोन बनाया गया है। मकर संक्रांति, माघ पूर्णिमा, सावन, महाशिवरात्रि, दिवाली, कार्तिक पूर्णिमा, डाला छठ और वीवीआईपी आगमन के दौरान वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित की जाती रही है।
विशेष अवसरों के बाद पुरानी यातायात व्यवस्था बहाल होने से क्षेत्र में दोबारा जाम की समस्या उत्पन्न हो जाती है। इसी को देखते हुए नगर निगम स्थायी रूप से नो व्हीकल जोन बनाने पर विचार कर रहा है।
महापौर ने दी योजना की जानकारी
महापौर अशोक कुमार तिवारी ने बताया कि टोयोटा कंपनी के अधिकारियों से सीएसआर फंड के तहत गोल्फ कार्ट उपलब्ध कराने को लेकर बातचीत हुई है। यदि कंपनी गोल्फ कार्ट उपलब्ध कराती है तो मैदागिन से सोनारपुरा तक के क्षेत्र को नो व्हीकल जोन बनाकर केवल गोल्फ कार्ट का संचालन किया जाएगा। फिलहाल इसकी विस्तृत रूपरेखा तैयार की जा रही है।