{"vars":{"id": "130921:5012"}}

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस : एसएसपीजी मंडलीय अस्पताल में महिला कर्मियों का सम्मान, चलाया गया स्वास्थ्य जागरूकता अभियान

 

वाराणसी स्थित श्री शिव प्रसाद गुप्त मंडलीय जिला चिकित्सालय में रविवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान अस्पताल में कार्यरत महिला अधिकारियों और कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट कार्य और सेवा भावना के लिए सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम सुबह करीब 10 बजे आयोजित हुआ, जिसमें प्रमुख अधीक्षक डॉ बृजेश कुमार ने महिला कर्मियों को उनके समर्पण और सक्रिय योगदान के लिए प्रशंसा प्रमाण पत्र (एप्रिसिएशन सर्टिफिकेट) प्रदान किए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने में महिला कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है।

स्वास्थ्य जागरूकता अभियान भी चलाया गया

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं के लिए स्वास्थ्य जागरूकता अभियान भी चलाया गया। इस दौरान उनका स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और उन्हें ब्रेस्ट कैंसर, मेंस्ट्रुअल हाइजीन, एचपीवी वैक्सीनेशन, पोषण तथा मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य से जुड़े विषयों पर जागरूक किया गया।

इस अवसर पर प्रमुख अधीक्षक के मार्गदर्शन में डॉ मुकुंदजी श्रीवास्तव, डॉ पुष्पा सिंह, डॉ मेराज बानो, डॉ स्वाति, डॉ नेहा वर्मा, डॉ रचना सिंह और डॉ इकबाल सहित कई चिकित्सक उपस्थित रहे।

इसके अलावा आईसीएन अफसाना खातून, नर्सिंग स्टाफ की महिला कर्मियों, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों, सफाई कर्मियों और अन्य स्वास्थ्य कर्मियों के साथ-साथ मरीजों के परिजन भी बड़ी संख्या में कार्यक्रम में मौजूद रहे।

अस्पताल प्रशासन ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों का उद्देश्य महिलाओं के योगदान को सम्मान देना और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।