{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी से खत्म होगा तारों का जंजाल, अब अंडरग्राउंड होंगे इंटरनेट और डिश टीवी के केबल

 

Varanasi : शहर की सड़कों और गलियों में फैले बिजली और इंटरनेट के तारों के जाल से जल्द ही लोगों को राहत मिलने वाली है। नगर आयुक्त (हिमांशु नागपाल) Himanshu Nagpal की अध्यक्षता में हुई बैठक में प्रमुख टेलीकॉम और केबल कंपनियों ने शहर को तारों के जाल से मुक्त करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।

बैठक में Reliance Jio, Bharti Airtel, Vodafone Idea, Bharat Sanchar Nigam Limited और GTPL Hathway जैसी कंपनियों के प्रतिनिधि शामिल हुए। सभी ने माना कि शहर में फैले तारों का मकड़जाल पर्यटकों और श्रद्धालुओं के सामने काशी की छवि को प्रभावित करता है।



अंडरग्राउंड होगा ऑप्टिकल फाइबर नेटवर्क

नगर निगम के अनुसार स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत जिन क्षेत्रों में अंडरग्राउंड ऑप्टिकल फाइबर केबल (OFC) नेटवर्क उपलब्ध है, वहां सभी कंपनियां अपने ओवरहेड तारों को हटाकर जमीन के नीचे बिछाएंगी। इसके अलावा सीएम ग्रिड योजना के तहत बने यूटिलिटी डक्ट का भी इस्तेमाल केबल नेटवर्क के लिए किया जाएगा।

खंभों पर लगेगा ‘वायर कवरिंग बॉक्स’

जहां तुरंत अंडरग्राउंड व्यवस्था संभव नहीं है, वहां खंभों पर लटक रहे तारों को व्यवस्थित करने के लिए विशेष ‘वायर कवरिंग बॉक्स’ लगाए जाएंगे। इस मॉडल को एयरटेल की ओर से बैठक में प्रस्तुत किया गया।

पहले चरण में लहुराबीर से मैदागिन, मैदागिन से गोदौलिया और Kal Bhairav Temple मार्ग जैसे प्रमुख रास्तों पर इन बॉक्स का प्रयोग किया जाएगा। यदि यह प्रयोग सफल रहा तो इसे पूरे शहर में लागू किया जाएगा।

तंग गलियों में दीवारों पर लगाए जाएंगे क्लैंप

मणिकर्णिका घाट और ठठेरी बाजार जैसी तंग गलियों में जहां बिजली के खंभे नहीं हैं, वहां स्थानीय भवन स्वामियों के सहयोग से दीवारों पर क्लैंप लगाए जाएंगे। इन क्लैंप के जरिए तारों को कसकर व्यवस्थित किया जाएगा ताकि सड़कों पर अव्यवस्था न फैले।

नगर निगम ने इस अभियान को सफल बनाने के लिए नागरिकों से सहयोग की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि इस योजना के लागू होने से शहर की सुंदरता बढ़ेगी और वाराणसी आने वाले पर्यटकों व श्रद्धालुओं को बेहतर अनुभव मिलेगा।