{"vars":{"id": "130921:5012"}}

“कोई आदेश हौ, कोई काम हौ?...राजघाट में विधायक नीलकंठ तिवारी का 54वां वार्ड प्रवास, सुनीं लोगों की समस्याएं

 

वाराणसी। दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र में वार्ड प्रवास और स्वच्छता अभियान के तहत विधायक एवं पूर्व मंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी ने गुरुवार को राजघाट वार्ड का दौरा किया। यह उनके 76 दिवसीय वार्ड प्रवास का 54वां दिन था। सुबह भैसासुर बाबा मंदिर से शुरू हुए कार्यक्रम में विधायक ने स्थानीय लोगों के साथ स्वच्छता अभियान में हिस्सा लिया और नया महादेव मोहल्ले की गलियों में घूमकर लोगों से सीधे संवाद किया। इस दौरान उनका खास बनारसी अंदाज भी देखने को मिला। विधायक ने लोगों से पूछा, “कोई आदेश हौ, कोई काम हौ?” जिस पर क्षेत्रवासियों ने अपनी समस्याएं और जरूरतें उनके सामने रखीं।

वार्ड भ्रमण के दौरान संत शिरोमणि पूज्य श्री रविदास मंदिर परिसर में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पांच पौधे भी लगाए गए। स्थानीय लोगों ने पेयजल पाइपलाइन बदलने और गलियों में स्मार्ट चौका लगाने की मांग रखी। पेयजल की समस्या के समाधान के लिए विधायक ने मौके से ही नगर आयुक्त और जलकल के महाप्रबंधक से फोन पर बात की और इसके साथ ही पत्र भी भेजा। वहीं, राजघाट वार्ड की करीब एक किलोमीटर लंबी गलियों में पीसीसी कराने और चौका बदलने के लिए विधायक निधि से धनराशि आवंटित की गई।

डॉ. नीलकंठ तिवारी ने बताया कि 54 दिनों के दौरान दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र के सभी 24 वार्डों में दो-दो बार प्रवास पूरा हो चुका है। तीसरे चरण में अब तक छह वार्डों का भ्रमण भी पूरा किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि रोज सुबह होने वाले वार्ड प्रवास में स्वच्छता अभियान, पौधरोपण, गलियों का निरीक्षण और लोगों से संवाद के साथ समस्याओं का मौके पर समाधान कराने का प्रयास किया जाता है। इसके बाद चौपाल लगाकर क्षेत्रवासियों से अनौपचारिक बातचीत भी की जाती है।

विधायक के मुताबिक, इन 54 दिनों में पटरी, नाली, सीवर, पेयजल, गली-पिट, स्ट्रीट लाइट और पार्क समेत सैकड़ों छोटे-बड़े काम कराए गए हैं। इस बार वार्ड प्रवास के दौरान प्रत्येक रविवार को अलग-अलग स्थानों पर केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े कैंप भी लगाए जा रहे हैं। अब तक आठ रविवार को आठ कैंप आयोजित किए जा चुके हैं। इनमें विश्वकर्मा योजना के किट और पीएम स्वनिधि योजना के चेक लाभार्थियों को बांटे गए हैं।

इन कैंपों के जरिए अब तक करीब एक हजार लोगों का नेत्र परीक्षण कराया जा चुका है, जबकि 200 से अधिक लोगों को निशुल्क चश्मे वितरित किए गए हैं। इसके अलावा विभिन्न सरकारी योजनाओं के लिए सैकड़ों लोगों का पंजीकरण भी कराया गया है। कार्यक्रम में भाजपा के महानगर पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, पार्षदों के साथ बड़ी संख्या