{"vars":{"id": "130921:5012"}}

फिल्मी अंदाज़ में 45 लाख की ठगी: सराफा व्यापारी को नकली नोटों का सूटकेस थमाकर ले उड़े 285 ग्राम सोना
 

 

वाराणसी। कमिश्नरेट क्षेत्र के चौक स्थित ठठेरी बाजार के एक सराफा व्यवसायी के साथ शातिर जालसाजों ने दिनदहाड़े फिल्मी अंदाज़ में 45 लाख रुपये की ठगी कर ली। आरोपी 285 ग्राम सोने के आभूषण लेकर फरार हो गए, जबकि बदले में नकली नोटों से भरा सूटकेस थमा गए।

पीड़ित राधा कृष्ण अग्रवाल, जो एनडी सर्राफ ज्वेलर्स होलसेल के निदेशक हैं, ने लक्सा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 13 अप्रैल को पुणे के कुछ कथित कारोबारियों ने उनसे संपर्क किया। खुद को रोहित, रोहन और मनोज जैन बताने वाले आरोपियों ने ‘श्रीशिल्पी गोल्ड स्ट्रीट’ नामक फर्म के जरिए उनके मैनेजर से बातचीत कर 45 लाख रुपये के सोने के आभूषण खरीदने का सौदा तय किया।

पहले ऑनलाइन भुगतान की बात हुई, लेकिन बाद में तकनीकी समस्या का बहाना बनाकर नकद लेनदेन की बात कही गई। आरोपियों ने बताया कि उनके लोग वाराणसी में मौजूद हैं, जो कैश देकर आभूषण ले जाएंगे।

निर्धारित स्थान लक्सा स्थित पीडीआर मॉल के पास पीड़ित के कर्मचारी आभूषण लेकर पहुंचे। वहां मौजूद युवकों ने पहचान के तौर पर एक सूटकेस दिखाया और फोन पर पुष्टि कराई। सूटकेस में 500-500 रुपये की 90 गड्डियां सलीके से रखी थीं। कर्मचारियों ने बिना पूरी जांच किए सूटकेस लेकर आभूषण सौंप दिए।

घटना का खुलासा अगले दिन हुआ, जब वही सूटकेस एक अन्य व्यापारी को भुगतान के रूप में दिया गया। गड्डियां खोलने पर पता चला कि ऊपर-नीचे असली नोट थे, जबकि अंदर सभी नोट नकली थे।

लक्सा थाना प्रभारी राजू कुमार ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों, सर्विलांस और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।