{"vars":{"id": "130921:5012"}}

बारिश में भीगते पत्रकारों का थाने पर धरना, पुलिसकर्मी पर दुर्व्यवहार का आरोप; कार्रवाई की मांग
 

 

वाराणसी। लालपुर-पांडेयपुर थाना परिसर में बुधवार को पत्रकारों ने पुलिसकर्मी के कथित दुर्व्यवहार के विरोध में धरना दिया। बारिश के बीच भी पत्रकार थाने के बाहर बैठे रहे और मामले में कार्रवाई की मांग करते रहे।

मामले को लेकर एक पत्रकार की ओर से सहायक पुलिस आयुक्त को दिए गए प्रार्थना-पत्र में आरोप लगाया गया है कि वह 23 सितंबर को पाण्डेयपुर पुलिस चौकी में समाचार संकलन के लिए गया था। इसी दौरान वहां मौजूद एक पुलिसकर्मी ने कथित तौर पर उसके साथ दुर्व्यवहार और हाथापाई की।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि उक्त पुलिसकर्मी शराब के नशे में था। जब वह घटना का वीडियो बनाने लगा तो उसके हाथ से मोबाइल छीनने का प्रयास किया गया और उसके साथ गाली-गलौज की गई। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि पुलिसकर्मी ने चौकी प्रभारी के सामने भी अभद्र व्यवहार किया और धमकी दी।

पत्रकारों का आरोप है कि मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग के बावजूद उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इसके बाद पत्रकारों ने थाने पर धरना शुरू कर दिया। बारिश के दौरान भी पत्रकार धरने पर बैठे रहे।

धरने पर बैठे पत्रकारों का कहना है कि मामले में संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ जांच कर उचित कार्रवाई की जाए और पत्रकारों के साथ इस तरह के व्यवहार की पुनरावृत्ति न हो।

वहीं, धरने के दौरान थाना प्रभारी की ओर से कथित तौर पर कहा गया कि संबंधित सिपाही नहीं मिल रहा है। पत्रकारों के मुताबिक, इंस्पेक्टर की ओर से यह भी कहा गया कि सभी लोग धरने पर बैठें, उन्हें इससे फर्क नहीं पड़ता। इन कथनों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।