वाराणसी में साधा निशाना, जापान में जीता सोना: कमलजीत ने एशियन गेम्स में रचा इतिहास
वाराणसी। जापान में आयोजित एशियन गेम्स में भारतीय निशानेबाज कमलजीत ने सुरुचि इंदर सिंह के साथ 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया। कमलजीत की इस उपलब्धि से वाराणसी के खेल जगत में भी खुशी का माहौल है, क्योंकि वह मई से वाराणसी स्थित SAI सेंटर में प्रशिक्षण ले रहे हैं।
मिश्रित टीम स्पर्धा के क्वालिफिकेशन में कमलजीत और सुरुचि की भारतीय जोड़ी ने 587 अंक हासिल कर शीर्ष स्थान प्राप्त किया। यह स्कोर एशियन गेम्स का रिकॉर्ड रहा और एशियन रिकॉर्ड की भी बराबरी हुई। शानदार प्रदर्शन के बाद भारतीय जोड़ी ने फाइनल में जगह बनाई और स्वर्ण पदक पर निशाना साधा।
कमलजीत मूलरूप से हरियाणा के रेवाड़ी के रहने वाले हैं। वह मई से वाराणसी के SAI सेंटर में अभ्यास कर एशियन गेम्स की तैयारी कर रहे थे। ऐसे में अंतरराष्ट्रीय मंच पर उनके स्वर्ण पदक जीतने के बाद उनके प्रशिक्षण केंद्र में भी खुशी का माहौल है।
इससे पहले कमलजीत एशियन गेम्स की पुरुष 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में भी भारतीय टीम का हिस्सा रहे थे। 24 सितंबर को हुई व्यक्तिगत क्वालिफिकेशन में उन्होंने 580-18X अंक हासिल किए और नौवें स्थान पर रहे। इस स्पर्धा में भारतीय टीम चौथे स्थान पर रही थी।
इसके अगले ही दिन कमलजीत ने सुरुचि इंदर सिंह के साथ मिश्रित टीम स्पर्धा में शानदार वापसी करते हुए क्वालिफिकेशन में शीर्ष स्थान हासिल किया। फाइनल में भी भारतीय जोड़ी ने अपना प्रदर्शन बरकरार रखा और स्वर्ण पदक जीतकर भारत की पदक तालिका में अहम योगदान दिया।