काशी के 84 घाटों की कहानी अब खुद सुनाएगा GPS, 15 भाषाओं में मिलेगी जानकारी; देव दीपावली से होगी शुरुआत
काशी के 84 घाटों का इतिहास अब GPS आधारित ऑडियो टूर के जरिए 15 भाषाओं में सुना जा सकेगा। उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग की इस पहल में ऑडियो, तस्वीरें, लिखित जानकारी और इंटरैक्टिव मैप की सुविधा मिलेगी। खास बात यह है कि पर्यटक बिना इंटरनेट और गाइड के भी इसका लाभ उठा सकेंगे।
वाराणसी: काशी के घाटों का इतिहास, धार्मिक महत्व और उनसे जुड़ी पौराणिक कथाएं जानने के लिए अब पर्यटकों को गाइड पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग ने वाराणसी के सभी 84 घाटों के लिए 'वाराणसी 84 घाट्स ऑडियोबुक-ऑडियो टूर' शुरू किया है। GPS आधारित इस डिजिटल सुविधा के जरिए पर्यटक घाट पर पहुंचते ही उससे जुड़ी जानकारी ऑडियो के माध्यम से सुन सकेंगे। यह सुविधा हिंदी और अंग्रेजी समेत 15 भाषाओं में उपलब्ध होगी। पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह देव दीपावली पर नमो घाट से इस परियोजना की शुरुआत करेंगे।
GPS से खुद शुरू हो जाएगा घाटों का ऑडियो
इस ऑडियो टूर की खास बात यह है कि इसमें काशी के सभी 84 घाटों के लिए अलग-अलग ऑडियो चैप्टर तैयार किए गए हैं। GPS आधारित सिस्टम पर्यटक की लोकेशन पहचानकर संबंधित घाट की जानकारी अपने आप सुनाना शुरू कर देगा।
यदि कोई पर्यटक निर्धारित स्थान से आगे बढ़ जाता है या घाट से दूर चला जाता है तो ऑडियो रुक सकता है। दोबारा उसी स्थान पर पहुंचने पर इसे फिर से सुना जा सकेगा। इसके अलावा पर्यटक अपनी पसंद से किसी भी घाट को मैन्युअल रूप से चुनकर उसकी जानकारी भी सुन सकते हैं।
इस सुविधा के जरिए लोग अपनी सहूलियत और गति के अनुसार घाटों का भ्रमण कर सकेंगे। इसके लिए किसी गाइड की जरूरत नहीं होगी। पैदल घूमने के साथ नाव से गंगा की सैर करते हुए भी इस ऑडियो टूर का लाभ लिया जा सकेगा।
15 भाषाओं में सुन सकेंगे काशी की विरासत
देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को ध्यान में रखते हुए इस ऑडियो टूर को कुल 15 भाषाओं में तैयार किया गया है। इसमें हिंदी और अंग्रेजी के अलावा मराठी, तमिल, तेलुगु, गुजराती, कन्नड़, ओड़िया, मलयालम, उर्दू, फ्रेंच, जर्मन, स्पेनिश, जापानी और कोरियाई भाषाएं शामिल हैं।
इससे विदेशी पर्यटकों को भी काशी के घाटों का इतिहास, धार्मिक मान्यताएं और सांस्कृतिक महत्व अपनी भाषा में समझने में आसानी होगी।
ऑडियो के साथ मिलेगी तस्वीरें और मैप की सुविधा
पर्यटकों के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए इस डिजिटल टूर में केवल ऑडियो ही नहीं, बल्कि लिखित विवरण, तस्वीरें और इंटरैक्टिव मैप भी उपलब्ध कराए गए हैं।
यात्री अपनी जरूरत के अनुसार ऑडियो को रोक सकते हैं, दोबारा चला सकते हैं या अगले घाट की जानकारी पर जा सकते हैं। एप में यह भी दर्ज रहेगा कि पर्यटक कौन-कौन से घाट देख चुके हैं। ऐसे में अगर कोई व्यक्ति बीच में अपनी यात्रा रोक देता है तो अगली बार वहीं से भ्रमण शुरू कर सकेगा, जहां उसने पिछली बार छोड़ा था।
बिना इंटरनेट के भी काम करेगा ऑडियो टूर
इस परियोजना की एक और खासियत यह है कि पर्यटक यात्रा शुरू करने से पहले ही ऑडियो टूर डाउनलोड कर सकेंगे। इससे घाटों का भ्रमण करते समय लगातार इंटरनेट की जरूरत नहीं पड़ेगी।
यह सुविधा यूपी टूरिज्म के आधिकारिक मोबाइल एप और वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गई है। एंड्रॉयड और आईओएस एप के साथ वेबसाइट पर भी 'वाराणसी 84 घाट्स ऑडियोबुक-ऑडियो टूर' का विकल्प मिलेगा।
पर्यटक 'स्टार्ट टूर एट लोकेशन' या 'इनेबल ऑफलाइन या रिमोट टूर' विकल्प चुनकर इस सुविधा का इस्तेमाल कर सकेंगे। इसके लिए लॉगिन या अकाउंट बनाने की भी जरूरत नहीं होगी।