{"vars":{"id": "130921:5012"}}

काशी को मिली ₹259 करोड़ की बड़ी सौगात, सीवर और पानी की 3 परियोजनाएं मंजूर

 

Varanasi : काशी में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। केंद्र और राज्य सरकार की पहल पर अमृत-2.0 योजना के तहत वाराणसी नगर निगम के 18 अति-प्रभावित वार्डों और विस्तारित क्षेत्रों में 259 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से सीवर और पेयजल की तीन बड़ी परियोजनाओं को मंजूरी दे दी गई है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना की आधारशिला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा रखी जाएगी।

शासन ने परियोजना की पहली किश्त भी जारी कर दी है, जबकि नगर निगम ने टेंडर की औपचारिकताएं पूरी कर ली हैं। ऐसे में जल्द ही पाइपलाइन बिछाने का काम शुरू होने की संभावना है।

रामनगर और सूजाबाद में बड़े प्रोजेक्ट

नव विस्तारित क्षेत्र रामनगर जोन में सीवर नेटवर्क और हर घर को सीवर कनेक्शन से जोड़ने के लिए लगभग 190.09 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है। यहां तीन वार्डों में करीब 69.98 किलोमीटर ब्रांच लाइन और 3.4 किलोमीटर राइजिंग मेन लाइन बिछाई जाएगी। इसके साथ ही 10 एमएलडी क्षमता का एसटीपी और दो सीवर पंपिंग स्टेशन भी बनाए जाएंगे।

वहीं सूजाबाद जोन में शुद्ध पेयजल आपूर्ति के विस्तार के लिए करीब 34.77 करोड़ रुपये की योजना को स्वीकृति मिली है। इसके अलावा 18 प्रभावित वार्डों के लिए 33.44 करोड़ रुपये की अलग से मंजूरी दी गई है। खास बात यह है कि करीब 13,645 घरों को मुफ्त सीवर कनेक्शन दिया जाएगा।

विकास कार्यों में धन की नहीं होगी कमी

शासन के संयुक्त सचिव देवेश मिश्र की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि वाराणसी के विकास के लिए संसाधनों की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी। साथ ही सभी कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि लागत न बढ़े और जनता को जल्द लाभ मिल सके।

पानी के लाइन लॉस पर लगेगी लगाम

शहर के कई हिस्सों में सीवर और पेयजल की पाइपलाइन काफी पुरानी हो चुकी है, जिसके कारण सीवर ओवरफ्लो और पानी के लीकेज की समस्या बनी रहती है। मौजूदा स्थिति में करीब 48 प्रतिशत पानी लाइन लॉस हो रहा है। नई पाइपलाइन बिछने से लाइन लॉस कम होगा और शहर में पेयजल आपूर्ति का प्रेशर भी बढ़ेगा, जिससे हजारों लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।

एक नजर में प्रमुख आंकड़े

- रामनगर सीवर नेटवर्क: 190.09 करोड़ रुपये स्वीकृत, 35.09 करोड़ रुपये जारी

- सूजाबाद पेयजल योजना: 34.77 करोड़ रुपये स्वीकृत, 6.42 करोड़ रुपये जारी

- 18 प्रभावित वार्ड: 33.44 करोड़ रुपये स्वीकृत, 6.18 करोड़ रुपये जारी

परियोजना को काशी के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे विशेष रूप से रामनगर और सूजाबाद क्षेत्र के लोगों को सीवर और पेयजल की समस्या से स्थायी राहत मिलने की उम्मीद है।