{"vars":{"id": "130921:5012"}}

काशी सांसद टूरिस्ट गाइड प्रतियोगिता-2026: 15 जुलाई तक करें आवेदन, 10 थीम पर होगा मुकाबला
 

 

वाराणसी। काशी की समृद्ध सांस्कृतिक, धार्मिक और ऐतिहासिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने तथा स्थानीय प्रतिभाओं को पर्यटन गाइड के रूप में विकसित करने के उद्देश्य से "काशी सांसद टूरिस्ट गाइड प्रतियोगिता-2026" का आयोजन 16 से 24 जुलाई 2026 तक किया जाएगा। प्रतियोगिता में काशी लोकसभा क्षेत्र के नागरिक भाग ले सकेंगे। इसके लिए पंजीकरण की अंतिम तिथि 15 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है।

प्रतियोगिता का आयोजन दो आयु वर्गों में होगा। पहला वर्ग 14 से 18 वर्ष तथा दूसरा वर्ग 18 वर्ष से अधिक आयु के प्रतिभागियों के लिए होगा। इसमें काशी लोकसभा क्षेत्र के तीन विकास खंड काशी विद्यापीठ, आराजीलाइन्स, सेवापुरी तथा नगर निगम के सभी पांच जोन के प्रतिभागी हिस्सा ले सकेंगे।

इन 10 विषयों पर होगी प्रतियोगिता

प्रतियोगिता में प्रतिभागियों को काशी से जुड़े 10 प्रमुख विषयों पर अपनी प्रतिभा दिखानी होगी। इनमें काशी के घाट, श्री काशी विश्वनाथ मंदिर, सारनाथ, काशी का इतिहास, काशी के त्योहार, काशी के हस्तशिल्प (हैंडीकाफ्ट), काशी एवं धर्म, काशी के संत (कबीर, तुलसीदास, रविदास आदि), काशी एवं संगीत तथा काशी के खानपान शामिल हैं।

तीन श्रेणियों में होगा मुकाबला

प्रतियोगिता का आयोजन तीन इवेंट्स में किया जाएगा—

डिक्लेमेशन एवं प्रेजेंटेशन
निबंध लेखन
इंस्टाग्राम रील मेकिंग

डिक्लेमेशन एवं प्रेजेंटेशन का पहला चरण 16 और 17 जुलाई को ब्लॉक एवं जोन स्तर पर आयोजित होगा। 14-18 वर्ष आयु वर्ग की प्रतियोगिता 16 जुलाई तथा 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग की प्रतियोगिता 17 जुलाई को होगी। प्रत्येक प्रतिभागी को अपनी प्रस्तुति के लिए अधिकतम 5 मिनट का समय मिलेगा और प्रतियोगिता 50 अंकों की होगी।

निबंध प्रतियोगिता में प्रतिभागियों को निर्धारित 10 विषयों में से किसी एक विषय पर 250 शब्दों का निबंध लिखना होगा।

रील मेकिंग प्रतियोगिता के तहत प्रतिभागियों को 18 से 22 जुलाई के बीच संबंधित विषय पर इंस्टाग्राम रील बनाकर @varanasismartcity को टैग करते हुए अपलोड करनी होगी।

23 और 24 जुलाई को होगा ग्रैंड फिनाले

जिला स्तरीय फाइनल प्रतियोगिता 23 और 24 जुलाई 2026 को संत अतुलानंद कॉन्वेंट स्कूल, कोईराजपुर में आयोजित होगी। 23 जुलाई को 14-18 वर्ष आयु वर्ग तथा 24 जुलाई को 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के प्रतिभागियों का फाइनल होगा।

इन केंद्रों पर होगी प्रथम चरण की प्रतियोगिता

ब्लॉक एवं जोन स्तर पर प्रतियोगिता के लिए विभिन्न केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जिनमें प्रमुख रूप से सनबीम भगवानपुर, सनबीम डालिम्स रामकटोरा, मुकुलारण्यम सिगरा, वनिता पब्लिक स्कूल लहुराबीर, सनबीम वरुणा, जगतपुर इंटर कॉलेज, कस्तूरबा महिला विद्यापीठ इंटर कॉलेज सेवापुरी तथा मातादीन सुकुल स्मारक इंटर कॉलेज, केशरीपुर रोहनिया शामिल हैं।

अब तक 19,725 से अधिक पंजीकरण

प्रतियोगिता के लिए विशेष वेबसाइट https://काशीसांसदटूरिस्टगाइड.com विकसित की गई है, जहां विस्तृत गाइडलाइन और ऑनलाइन पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध है। प्रशासन के अनुसार अब तक 19,725 से अधिक अभ्यर्थी पंजीकरण करा चुके हैं, जबकि पिछले वर्ष यह संख्या 16,133 थी।

प्रशासन ने काशी संसदीय क्षेत्र के सभी नागरिकों से अपील की है कि जो भी व्यक्ति प्रतियोगिता में भाग लेना चाहते हैं, वे 15 जुलाई 2026 तक अपना ऑनलाइन पंजीकरण अवश्य करा लें।