काशी सांसद ज्ञान प्रतियोगिता 2025 का समापन, 4 श्रेणियों में 12 विजेता हुए सम्मानित
वाराणसी। काशी संसदीय क्षेत्र में आयोजित काशी सांसद ज्ञान प्रतियोगिता 2025 का जनपद स्तरीय फाइनल बुधवार को संत अतुलानंद कॉन्वेंट स्कूल, कोइराजपुर में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यह प्रतियोगिता 21 जनवरी से 28 जनवरी 2026 तक काशी संसदीय क्षेत्र के तीन विकासखंडों और नगरीय क्षेत्र के पांच जोनों में चार श्रेणियों कक्षा 1 से 8, कक्षा 9 से 12, महाविद्यालय/विश्वविद्यालय और आमजन के लिए आयोजित की गई थी।
प्रतियोगिता का आयोजन विद्यालय/ग्राम पंचायत स्तर से शुरू होकर विकासखंड/जोन स्तर तथा महाविद्यालय/विश्वविद्यालय स्तर तक किया गया। इसके बाद 28 जनवरी को जनपद स्तर पर फाइनल प्रतियोगिता आयोजित हुई।
जनपद स्तरीय फाइनल में कक्षा 1 से 8, कक्षा 9 से 12 और आमजन श्रेणी के कुल 72 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जो जोन एवं विकासखंड स्तर पर विजेता रहे थे। वहीं, महाविद्यालय/विश्वविद्यालय श्रेणी में द्वितीय चरण के 18 विजेताओं ने फाइनल में प्रतिभाग किया। इस प्रकार कुल 90 प्रतिभागियों ने जनपद स्तरीय फाइनल में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
फाइनल प्रतियोगिता का शुभारंभ माननीय जनप्रतिनिधियों में पूनम मौर्या (जिला पंचायत अध्यक्ष), धर्मेंद्र सिंह (विधान परिषद सदस्य), प्रदीप अग्रहरी (महानगर अध्यक्ष, भाजपा) तथा जिलाधिकारी वाराणसी की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ। प्रतियोगिता का समापन हंसराज विश्वकर्मा (जिलाध्यक्ष/विधान परिषद सदस्य) की उपस्थिति में संपन्न हुआ।
समापन अवसर पर जनप्रतिनिधियों द्वारा चारों श्रेणियों के कुल 12 विजेताओं को ट्रॉफी और विजेता प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। साथ ही प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
विजेताओं की सूची इस प्रकार रही
कक्षा 1 से 8: वरुणापार जोन प्रथम
(विजेता: अनुभव यादव, अनन्या राय, वैष्णवी श्रीवास्तव)
कक्षा 9 से 12: विकासखंड काशी विद्यापीठ प्रथम
(विजेता: हर्षित गुप्ता, कात्यानी जैसवाल, प्रखर सिंह)
आमजन श्रेणी: विकासखंड आराजीलाइन प्रथम
(विजेता: पायल गोंड, दिनेश कुमार, दिनेश चंद्र वर्मा)
महाविद्यालय/विश्वविद्यालय: काशी हिंदू विश्वविद्यालय प्रथम
(विजेता: ऋतिक कुमार, हार्दिक राय, सतेंद्र कुमार वर्मा)
इस अवसर पर वक्ताओं ने प्रतियोगिता को विद्यार्थियों और आमजन में ज्ञान, जागरूकता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने वाला महत्वपूर्ण प्रयास बताया और भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को निरंतर जारी रखने पर जोर दिया।