काशी तमिल संगमम 5.0: बाबा विश्वनाथ के दरबार पहुंचे तमिलनाडु के 250 छात्र, कॉरिडोर की भव्यता और इतिहास से हुए परिचित
काशी तमिल संगमम 5.0 में शामिल होने आए तमिलनाडु के 250 छात्रों ने श्रीकाशी विश्वनाथ धाम में दर्शन-पूजन किया। वैदिक मंत्रोच्चार और डमरू वादन से उनका स्वागत हुआ। छात्रों ने मंदिर का इतिहास, स्थापत्य कला और कॉरिडोर के विकास की जानकारी ली। रविवार को उन्हें हनुमान घाट ले जाया जाएगा।
वाराणसी: काशी तमिल संगमम 5.0 में शामिल होने आए तमिलनाडु के 250 छात्रों ने शनिवार को श्रीकाशी विश्वनाथ धाम में दर्शन-पूजन किया। धाम पहुंचने पर वैदिक मंत्रोच्चार, डमरू वादन और पुष्पवर्षा के बीच उनका पारंपरिक स्वागत किया गया। बाबा के दर्शन के बाद छात्रों ने हर-हर महादेव और जय गंगा मैया के जयकारे लगाए। इस दौरान उन्हें काशी विश्वनाथ मंदिर के प्राचीन इतिहास, धार्मिक महत्ता और भव्य कॉरिडोर के विकास की जानकारी भी दी गई।
अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न देकर किया गया सम्मानित
श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर प्रशासन की ओर से तमिलनाडु से आए छात्रों का अभिनंदन किया गया। सभी अतिथियों को अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया। इस दौरान मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) सत्यम मिश्रा भी मौजूद रहे।
वैदिक मंत्रों और डमरू की गूंज के बीच छात्रों का स्वागत किया गया। इसके बाद सभी ने बाबा विश्वनाथ के दर्शन किए और धाम में जयकारे लगाए। छात्रों के जयघोष से पूरा परिसर शिवमय हो उठा।
छात्रों ने जाना काशी विश्वनाथ मंदिर का इतिहास
दर्शन-पूजन के बाद तमिलनाडु से आए छात्रों ने भव्य काशी विश्वनाथ धाम कॉरिडोर का भ्रमण किया। मंदिर प्रशासन की ओर से उन्हें मंदिर के प्राचीन इतिहास, स्थापत्य कला, धार्मिक महत्ता और पुराने स्वरूप के बारे में विस्तार से बताया गया। इसके साथ ही मंदिर के मौजूदा स्वरूप और कॉरिडोर के विकास की जानकारी भी दी गई।
छात्रों को बताया गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर ने किस तरह भव्य कॉरिडोर का स्वरूप लिया है। भ्रमण के बाद सभी अतिथियों ने मंदिर प्रशासन की ओर से संचालित अन्नक्षेत्र में भोजन किया।
रविवार को हनुमान घाट के धार्मिक महत्व से होंगे परिचित
इस दौरान के. वेंकट रमन घनपाठी ने बताया कि दक्षिण भारत से आने वाले अतिथियों को काशी के मंदिरों, सभ्यता और धार्मिक परंपराओं से परिचित कराने की जिम्मेदारी उन्हें सौंपी गई है। इसी क्रम में छात्रों को मंदिर के इतिहास और समय के साथ आए बदलावों के बारे में जानकारी दी गई।
उन्होंने बताया कि रविवार को छात्रों को हनुमान घाट के ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व से परिचित कराया जाएगा। काशी की संस्कृति, आध्यात्मिक विरासत और धार्मिक परंपराओं को करीब से जानने के लिए छात्रों में खासा उत्साह है।