{"vars":{"id": "130921:5012"}}

काशी तमिल संगमम् 5.0 का 28 नवंबर से होगा आगाज, नमो घाट पर CM योगी करेंगे उद्घाटन

काशी तमिल संगमम् 5.0 का आयोजन वाराणसी में 28 नवंबर से 12 दिसंबर तक होगा। नमो घाट पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उद्घाटन करेंगे। इस बार तिरुक्कुरल की शिक्षाओं पर फोकस रहेगा। तमिलनाडु के 50 शिक्षक वाराणसी के स्कूलों और महाविद्यालयों में तिरुक्कुरल का शिक्षण करेंगे।

 

वाराणसी। काशी और तमिलनाडु की सांस्कृतिक विरासत को जोड़ने वाले काशी तमिल संगमम् के पांचवें संस्करण का आयोजन 28 नवंबर से 12 दिसंबर तक होगा। इस बार कार्यक्रम का उद्घाटन नमो घाट पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। आयोजन को लेकर प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। शनिवार को मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की और सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए।

'तिरुक्कुरल पयिलोम' होगी इस बार की थीम

काशी तमिल संगमम् 5.0 की थीम 'थिरुक्कुरल पयिलोम' यानी 'तिरुक्कुरल का अभ्यास करें' रखी गई है। इस बार तमिल के प्रसिद्ध ग्रंथ तिरुक्कुरल की नैतिक और सदाचार संबंधी शिक्षाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने अधिकारियों से कहा कि आयोजन में आने वाले अतिथियों और प्रतिभागियों को काशी की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा और आध्यात्मिक विरासत का उत्कृष्ट अनुभव मिलना चाहिए। इसके लिए सभी संबंधित विभाग अपनी जिम्मेदारियों का समय से निर्वहन करें।

चार दिन यात्रा और चार दिन भ्रमण करेंगे प्रतिभागी

आयोजन के तहत प्रत्येक समूह चार दिन यात्रा करेगा और अगले चार दिन भ्रमण एवं विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेगा। प्रतिभागियों के यात्रा कार्यक्रम में वाराणसी के साथ प्रयागराज और अयोध्या को भी शामिल किया गया है। इन तीनों शहरों में सांस्कृतिक, शैक्षणिक, विषय-विशिष्ट और आध्यात्मिक गतिविधियां आयोजित होंगी।

कार्यक्रम की एक प्रमुख पहल के तहत तमिलनाडु से आने वाले 50 शिक्षक वाराणसी के विद्यालयों और महाविद्यालयों में तिरुक्कुरल का शिक्षण करेंगे। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को तमिल साहित्य और उसकी नैतिक शिक्षाओं से परिचित कराया जाएगा।

IIT मद्रास और BHU को मिली समन्वय की जिम्मेदारी

काशी तमिल संगमम् 5.0 के आयोजन में आईआईटी मद्रास और काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) नोडल समन्वय संस्थान के रूप में काम करेंगे। वहीं, चेन्नई स्थित केंद्रीय शास्त्रीय तमिल संस्थान डिजिटल आउटरीच, प्रकाशनों और संस्थागत गतिविधियों का नेतृत्व करेगा।

2022 में शुरू हुआ था काशी तमिल संगमम्

काशी तमिल संगमम् का पहला संस्करण वर्ष 2022 में आयोजित किया गया था। इसमें तमिलनाडु के 12 अलग-अलग क्षेत्रों से 2,500 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था। इसके बाद 2023 में दूसरा संस्करण नमो घाट पर आयोजित हुआ। इस दौरान उद्घाटन संबोधन के एक हिस्से का एप के माध्यम से वास्तविक समय में तमिल अनुवाद भी किया गया था।

वर्ष 2024 में आयोजन का केंद्र ऋषि अगस्त्य की विरासत रही। इस संस्करण में भारत की पारंपरिक ज्ञान प्रणालियों को समकालीन विमर्श से जोड़ने पर जोर दिया गया। इसमें तमिलनाडु के करीब 1,200 प्रतिभागियों के साथ केंद्रीय विश्वविद्यालयों में पढ़ने वाले तमिल मूल के 200 विद्यार्थी भी शामिल हुए थे।

वहीं, वर्ष 2025 में काशी तमिल संगमम् का आयोजन 'आइये तमिल सीखें' विषय के तहत किया गया। इसके अंतर्गत तमिल शिक्षकों ने वाराणसी के स्कूली विद्यार्थियों को बोलचाल की तमिल भाषा और तमिल वर्णमाला से परिचित कराया था। अब पांचवें संस्करण में तिरुक्कुरल की शिक्षाओं को केंद्र में रखकर आयोजन की तैयारी की जा रही है।