{"vars":{"id": "130921:5012"}}

काशी तमिल संगमम 5.0 का आज से आगाज, नमो घाट पर उपराष्ट्रपति और सीएम योगी करेंगे उद्घाटन

काशी तमिल संगमम 5.0 का आगाज आज वाराणसी के नमो घाट पर होगा। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उद्घाटन करेंगे। 12 दिसंबर तक चलने वाले आयोजन में तमिलनाडु से 1750 प्रतिनिधि पहुंचेंगे। जानिए तिरुक्कुरल थीम, 50 शिक्षकों और बीएचयू में होने वाले कार्यक्रमों की पूरी जानकारी।

 

वाराणसी : काशी तमिल संगमम के पांचवें संस्करण की शुरुआत शनिवार से हो रही है। नमो घाट पर सुबह 11 बजे उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस आयोजन का उद्घाटन करेंगे। 12 दिसंबर तक चलने वाले संगमम में तमिलनाडु और काशी के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक, शैक्षणिक और आध्यात्मिक संबंधों को सामने लाया जाएगा। इस बार आयोजन की मुख्य थीम तमिल साहित्य की प्रसिद्ध रचना 'तिरुक्कुरल' पर आधारित है।

उपराष्ट्रपति और सीएम योगी करेंगे शुभारंभ

काशी तमिल संगमम के उद्घाटन समारोह में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामिल होंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार, उपराष्ट्रपति शनिवार सुबह वायुसेना के विशेष विमान से 9:50 बजे बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सुबह 9:30 बजे राजकीय हेलीकॉप्टर से एयरपोर्ट पहुंचेंगे और उपराष्ट्रपति का स्वागत करेंगे।

इसके बाद दोनों नेता सड़क मार्ग से कालभैरव और काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। यहां से वे नमो घाट पहुंचकर संगमम का उद्घाटन करेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इसके बाद बीएचयू के भारत कला भवन में सीआईआई बनारस बिनाले-2026 का औपचारिक उद्घाटन करेंगे। वह बीएचयू के राधाकृष्णन हॉल में आयोजित एक कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। वहीं, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह इस आयोजन के समापन सत्र में शिरकत करेंगे।

कन्याकुमारी से पहुंचा पहला दल, बनारस स्टेशन पर हुआ भव्य स्वागत

काशी तमिल संगमम में शामिल होने के लिए तमिलनाडु से मेहमानों का आना शुरू हो गया है। कन्याकुमारी से आई पहली स्पेशल ट्रेन शुक्रवार रात करीब 8 बजे बनारस स्टेशन पहुंची। इस दल में 200 विद्यार्थी, द्विभाषी गाइड और सहायक शामिल हैं।

स्टेशन पर मेहमानों का तिलक लगाकर और माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। इस दौरान ढोल-नगाड़ों की धुन पर विद्यार्थियों ने नृत्य किया और हर-हर महादेव के जयकारे गूंजे। यात्री हाल में डमरू वादन के बीच मेहमानों का अभिनंदन किया गया। इसके बाद उन्हें ई-बसों से होटलों तक पहुंचाया गया।

बीएचयू और आईआईटी बीएचयू में होंगे शैक्षणिक सत्र

काशी तमिल संगमम में बीएचयू और आईआईटी (बीएचयू) प्रमुख शैक्षणिक साझेदार की भूमिका निभा रहे हैं। दोनों संस्थान आयोजन के तहत शैक्षणिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने के साथ उनके संचालन में भी सहयोग करेंगे।

तमिलनाडु से आने वाले सात अलग-अलग समूह बीएचयू परिसर में विशेष शैक्षणिक सत्रों में हिस्सा लेंगे। इन सत्रों में काशी और तमिलनाडु के विद्वान युवाओं का विभिन्न विषयों पर मार्गदर्शन करेंगे। 29 नवंबर से 11 दिसंबर तक होने वाले इन कार्यक्रमों में समूहों की रुचि और विशेषज्ञता के अनुसार संवाद, चर्चा और ज्ञान साझा करने की गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

काशी, प्रयागराज और अयोध्या में 50 शिक्षक बताएंगे तिरुक्कुरल की महत्ता

इस बार काशी तमिल संगमम की थीम तमिल कवि तिरुवल्लुवर की रचना 'तिरुक्कुरल' पर केंद्रित है। इसकी शिक्षाओं को विद्यार्थियों तक पहुंचाने के लिए तमिलनाडु से 50 शिक्षक उत्तर प्रदेश आएंगे। ये शिक्षक काशी, प्रयागराज और अयोध्या के विद्यार्थियों को तिरुक्कुरल की शिक्षाओं से परिचित कराएंगे।

इनमें 20 शिक्षक वाराणसी, 15 प्रयागराज और 15 अयोध्या में तैनात होंगे। बीएचयू के भारतीय भाषा विभाग के डॉ. जगदीशन भी इस कार्यक्रम में सहयोग करेंगे। इसके अलावा देशभर के 1,000 शैक्षणिक संस्थानों के एक-एक विद्यार्थी अपनी भाषा में तिरुक्कुरल का अध्ययन करेंगे।

1750 प्रतिनिधि सात विशेष ट्रेनों से पहुंचेंगे काशी

आयोजन के दौरान तमिलनाडु से सात विशेष ट्रेनों के जरिए कुल 1,750 प्रतिनिधियों के वाराणसी पहुंचने की योजना है। प्रत्येक समूह में करीब 250 सदस्य होंगे। इनके लिए बीएचयू में शैक्षणिक सत्रों के साथ संवाद, चर्चा और सांस्कृतिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

संगमम को आम लोगों और युवाओं तक पहुंचाने के लिए बीएचयू में संध्या भजन, नुक्कड़ नाटक, लोक एवं शास्त्रीय संगीत, रंगोली, पोस्टर डिजाइन, कला इंस्टॉलेशन और मेहंदी जैसी गतिविधियां भी होंगी। कार्यक्रमों के संचालन में सहयोग के लिए 1,500 से अधिक छात्र स्वयंसेवकों का चयन किया गया है।