{"vars":{"id": "130921:5012"}}

देव दीपावली पर 11 लाख दीपों से जगमगाएगी काशी, सुरक्षा के लिए लागू होगा नया टू-वे लेन सिस्टम, 21 सेक्टर में बंटेगा घाट क्षेत्र

 

वाराणसी। धर्म और आस्था की नगरी काशी में देव दीपावली की तैयारियां तेज हो गई हैं। 20 से 23 नवंबर तक आयोजित होने वाले गंगा महोत्सव और 24 नवंबर को होने वाली देव दीपावली को भव्य बनाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देव दीपावली काशी की सांस्कृतिक पहचान और गौरवशाली परंपरा का प्रतीक है। इस बार काशी के सभी पक्के घाटों, रेतीले तटों और 100 से अधिक कुंडों पर 11 लाख से ज्यादा दीप जलाए जाएंगे। उन्होंने निर्देश दिया कि देव दीपावली का उत्सव केवल शहर तक सीमित न रहे, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों, सारनाथ और प्रमुख धार्मिक स्थलों पर भी इसकी रौनक दिखाई दे।

गंगा महोत्सव में स्थानीय कलाकारों को मिलेगा मौका

नमो घाट पर 20 से 23 नवंबर तक होने वाले गंगा महोत्सव में स्थानीय कलाकारों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा और देव दीपावली के अवसर पर दशाश्वमेध घाट की भव्य गंगा आरती, चेत सिंह घाट पर प्रोजेक्शन और लेजर शो तथा ड्रोन शो आकर्षण का केंद्र होंगे। काशी विश्वनाथ धाम के सामने ग्रीन आतिशबाजी की भी व्यवस्था की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने महिला स्वयं सहायता समूहों की ओर से तैयार किए गए दीपकों को दीपोत्सव में शामिल करने और नाविकों को सुरक्षित नौका संचालन का प्रशिक्षण देने पर भी जोर दिया।

10 जोन और 21 सेक्टर में बंटेगा घाट क्षेत्र

देव दीपावली पर लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। घाट क्षेत्र को 10 जोन, 21 सेक्टर और 36 सब-सेक्टर में बांटा गया है। निगरानी के लिए 27 वॉच टावर बनाए जाएंगे। इसके अलावा ड्रोन कैमरों, क्विक रिस्पांस टीम (QRT), खोया-पाया केंद्रों और पर्यटक पुलिस की तैनाती की जाएगी।

गंगा में नावों के सुरक्षित संचालन के लिए इस बार नमो घाट से अस्सी घाट तक पहली बार टू-वे लेन सिस्टम लागू किया जाएगा। इसका उद्देश्य नावों की आवाजाही को व्यवस्थित करना और किसी भी तरह की दुर्घटना की आशंका को कम करना है।

 शहर में जाम से निपटने के लिए 31 पार्किंग स्थल

देव दीपावली के दौरान शहर को जाम से बचाने के लिए 7 डायवर्जन प्वाइंट और 31 पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए 14 अस्पतालों का ग्रीन कॉरिडोर तैयार किया जाएगा, ताकि जरूरत पड़ने पर मरीजों को बिना किसी बाधा के अस्पताल पहुंचाया जा सके।

इसके साथ ही 20 से 25 नवंबर तक शहर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समय से तैयारियां पूरी करने को कहा है।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि काशी आने वाले हर श्रद्धालु और पर्यटक को सुरक्षित, सुगम और यादगार अनुभव मिलना चाहिए। प्रशासन का प्रयास है कि इस बार देव दीपावली का आयोजन भव्यता के साथ-साथ सुरक्षा और बेहतर व्यवस्थाओं के लिहाज से भी यादगार बने।