काशी विद्यापीठ का दीक्षांत 28 जुलाई और संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय का 29 जुलाई को, तैयारियां तेज
वाराणसी। पूर्वांचल के दो प्रमुख विश्वविद्यालयों के दीक्षांत समारोह की तिथियों पर राज्यपाल एवं कुलाधिपति की स्वीकृति मिल गई है। इसके बाद दोनों संस्थानों में तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ का 48वां दीक्षांत समारोह 28 जुलाई को आयोजित किया जाएगा, जबकि इसके अगले दिन 29 जुलाई को संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय का दीक्षांत समारोह संपन्न होगा।
विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से परीक्षा परिणाम समय पर जारी करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थियों को समारोह में उपाधियां प्रदान की जा सकें। इसके लिए संबंधित महाविद्यालयों और संस्थानों से परीक्षाफल शीघ्र उपलब्ध कराने का आग्रह किया गया है।
काशी विद्यापीठ प्रशासन ने विद्यार्थियों को संदेश जारी करते हुए कहा है कि दीक्षांत समारोह केवल उपाधि प्राप्त करने का अवसर नहीं, बल्कि यह विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों और विश्वविद्यालय की गौरवशाली परंपरा का प्रतीक होता है। छात्रों से अपील की गई है कि वे सभी शैक्षणिक, प्रशासनिक और वित्तीय औपचारिकताएं समय से पूरी कर लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि किसी विभाग से संबंधित कार्य लंबित रह जाते हैं तो छात्रों को दीक्षांत समारोह में कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है। इसलिए सभी विद्यार्थियों को आवश्यक दस्तावेज और औपचारिकताएं समय पर पूर्ण करने की सलाह दी गई है।
उधर, संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में भी दीक्षांत समारोह की तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं। विश्वविद्यालय ने संबद्ध महाविद्यालयों को 28 जुलाई तक परीक्षा परिणाम उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही छात्रों से कहा गया है कि वे किसी भी समस्या के समाधान के लिए संबंधित पटल सहायकों, कार्यालय अधीक्षकों, सहायक कुलसचिव और परीक्षा नियंत्रक कार्यालय से संपर्क कर समय रहते समाधान सुनिश्चित करें।