{"vars":{"id": "130921:5012"}}

काशी विद्यापीठ दीक्षांत समारोह में बिना ड्रेस कोड नहीं मिलेगी एंट्री, जीन्स-टी-शर्ट पूरी तरह प्रतिबंधित

 

Varanasi : महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के 48वें दीक्षांत समारोह की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को कुलपति प्रो. आनन्द कुमार त्यागी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में दीक्षांत समारोह एवं दीक्षोत्सव से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित समितियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में निर्णय लिया गया कि 48वें दीक्षांत समारोह का आयोजन रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर, सिगरा में किया जाएगा। इसके साथ ही समारोह को गरिमापूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए विभिन्न व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया।

ड्रेस कोड होगा अनिवार्य

विश्वविद्यालय प्रशासन ने दीक्षांत समारोह में शामिल होने वाले सभी प्रतिभागियों एवं अतिथियों के लिए भारतीय पारंपरिक पीत (पीले/बसंती) रंग के परिधान अनिवार्य किए हैं। निर्धारित ड्रेस कोड के अनुसार पुरुष प्रतिभागी पीला/बसंती कुर्ता के साथ सफेद धोती या पैजामा अथवा पीला/बसंती शर्ट के साथ सफेद पैंट पहनेंगे। वहीं महिला प्रतिभागियों के लिए पीले रंग की साड़ी या सलवार-सूट निर्धारित किया गया है। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि समारोह के दौरान जीन्स, टी-शर्ट, काले एवं अन्य गहरे रंग के वस्त्र पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे।

प्रधानमंत्री के स्वच्छ भारत अभियान को ध्यान में रखते हुए विश्वविद्यालय परिसर में नॉन-बायोडिग्रेडेबल प्लास्टिक के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का भी निर्णय लिया गया है।

दीक्षांत स्मारिका और निमंत्रण पत्र को मंजूरी

बैठक में दीक्षांत समारोह की स्मारिका एवं निमंत्रण पत्र के प्रारूप को स्वीकृति प्रदान की गई। इसके अलावा स्वर्ण पदक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के परिणाम एवं योग्यता क्रम की भी समीक्षा की गई।

इस अवसर पर कुलसचिव डॉ. सुनीता पाण्डेय, कुलानुशासक प्रो. के.के. सिंह, डीन एकेडमिक प्रो. बंशीधर पाण्डेय, परीक्षा नियंत्रक दीप्ति मिश्रा सहित विभिन्न समितियों के संयोजक एवं विश्वविद्यालय के अधिकारी उपस्थित रहे।