दर्शन कराने के नाम पर वसूले 4000 रुपये, इंस्पेक्टर ने रंगेहाथ दलाल को पकड़ा, मौके पर लौटवाए पैसे
वाराणसी: सावन के पहले सोमवार पर श्री काशी विश्वनाथ धाम में लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी हुई है। इसी भीड़ का फायदा उठाकर कुछ दलाल श्रद्धालुओं से सुगम दर्शन के नाम पर मोटी रकम वसूलने की कोशिश कर रहे हैं। सोमवार को ऐसा ही एक मामला सामने आया, जब वाराणसी पुलिस ने दर्शन के नाम पर 4000 रुपये लेने वाले एक दलाल को रंगेहाथ पकड़ लिया। थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा ने तत्काल कार्रवाई करते हुए श्रद्धालुओं के पैसे वापस कराए और उन्हें बाबा विश्वनाथ का दर्शन भी कराया।
कर्नाटक से आई महिला से ऐंठे थे 4000 रुपये
जानकारी के अनुसार, कर्नाटक के मैसूर से आए श्रद्धालु परिवार से एक व्यक्ति ने जल्दी दर्शन कराने का झांसा देकर 4000 रुपये ऑनलाइन ले लिए थे। इसी दौरान चौक क्षेत्र में गश्त कर रहे थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा की नजर संदिग्ध व्यक्ति पर पड़ी।
पूछताछ के दौरान श्रद्धालुओं ने पूरी घटना पुलिस को बताई, जिसके बाद इंस्पेक्टर ने मौके पर ही दलाल को पकड़ लिया।
पुलिस ने मौके पर ही लौटवाए पूरे रुपये
थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा ने दलाल को कड़ी फटकार लगाई और तत्काल श्रद्धालुओं के खाते में पूरे 4000 रुपये वापस करवाए। इसके बाद पुलिस की निगरानी में श्रद्धालुओं को बिना किसी परेशानी के बाबा श्री काशी विश्वनाथ का दर्शन कराया गया। इस कार्रवाई के बाद आसपास मौजूद लोगों ने भी पुलिस की तत्परता की सराहना की।
श्रद्धालुओं से पुलिस की अपील
इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने श्रद्धालुओं से अपील करते हुए कहा कि शासन और प्रशासन की ओर से बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए पर्याप्त और व्यवस्थित इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि, मंदिर के बाहर खड़े किसी भी दलाल को पैसे न दें। दर्शन कराने के नाम पर यदि कोई व्यक्ति रुपये मांगे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की शिकायत तत्काल निकटतम पुलिसकर्मी या हेल्प डेस्क पर करें।
सावन में पुलिस पूरी तरह सतर्क
सावन माह में श्री काशी विश्वनाथ धाम में प्रतिदिन लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन लगातार निगरानी कर रहे हैं ताकि श्रद्धालुओं की आस्था का कोई फायदा न उठा सके। पुलिस ने साफ किया है कि दर्शन के नाम पर अवैध वसूली करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।