काशी विश्वनाथ मंदिर में 2 दिन बंद रहेंगे स्पर्श दर्शन, जानें क्या है कारण
वाराणसी। देश-विदेश से लाखों शिवभक्तों की आस्था का सबसे बड़ा केंद्र श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में 21 और 22 नवंबर को भक्त बाबा का स्पर्श दर्शन नहीं कर सकेंगे। मंदिर प्रशासन ने गर्भगृह में मार्बल लगाने के चल रहे कार्य के कारण दो दिनों के लिए स्पर्श दर्शन पर पूरी तरह रोक लगा दी है।
श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्व भूषण मिश्रा ने बताया कि गर्भगृह में मार्बल का कार्य चल रहा है, जिसे पूरा करने में दो दिन का समय लगेगा। इसलिए 21 और 22 नवंबर को स्पर्श दर्शन बंद रहेंगे। काम पूरा होते ही 23 नवंबर से फिर पहले की तरह स्पर्श दर्शन शुरू हो जाएंगे।”
दीपावली और देव दीपावली के अवसर पर इन दिनों काशी में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ रही है। अक्टूबर-नवंबर में मंदिर आने वाले दर्शनार्थियों की संख्या पिछले महीनों की तुलना में काफी अधिक रही है। ऐसे में जो भक्त विशेष रूप से गर्भगृह में जाकर बाबा विश्वनाथ का स्पर्श करना चाहते हैं, उन्हें इन दो दिनों थोड़ा इंतजार करना पड़ेगा।
मंदिर प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सामान्य दर्शन सुचारु रूप से चलते रहेंगे, केवल स्पर्श दर्शन ही दो दिन के लिए बंद रहेंगे। 23 नवंबर से एक बार फिर भक्त गर्भगृह में प्रवेश कर बाबा का स्पर्श दर्शन कर सकेंगे।
यदि आप 21 या 22 नवंबर को काशी विश्वनाथ के दर्शन की योजना बना रहे हैं, तो स्पर्श दर्शन की जगह दूर से दर्शन और पूजा-अर्चना का लाभ ले सकते हैं। मंदिर प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं से सहयोग की अपील की है।