{"vars":{"id": "130921:5012"}}

20 से 24 नवंबर तक सजेगी काशी, गंगा महोत्सव-देव दीपावली की तैयारियों पर मंडलायुक्त की बैठक, स्थानीय कलाकारों को मिलेगा मंच

 

वाराणसी। काशी में गंगा महोत्सव और देव दीपावली को भव्य और व्यवस्थित तरीके से आयोजित करने की तैयारियां तेज हो गई हैं। आगामी 20 से 23 नवंबर तक गंगा महोत्सव और 24 नवंबर को देव दीपावली का आयोजन प्रस्तावित है। इसी को लेकर मंडलायुक्त एस. राजलिंगम की अध्यक्षता में अधिकारियों के साथ बैठक हुई, जिसमें आयोजन की तैयारियों और व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।

बैठक में मंडलायुक्त ने कहा कि गंगा महोत्सव और देव दीपावली वाराणसी की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पहचान से जुड़े प्रमुख आयोजन हैं। इन अवसरों पर देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक काशी पहुंचते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएं।

उन्होंने बताया कि गंगा महोत्सव का प्रमुख कार्यक्रम राजघाट पर आयोजित होगा, जबकि अन्य कार्यक्रमों के लिए नमो घाट और राजघाट को प्रमुख स्थान के रूप में विकसित किया जाएगा। मंडलायुक्त ने निर्देश दिया कि कार्यक्रमों में काशी की स्थानीय कला और संस्कृति को विशेष स्थान दिया जाए। स्थानीय कलाकारों के साथ-साथ काशी सांसद सांस्कृतिक प्रतियोगिता के विजेता प्रतिभागियों और राजघाट के पास संचालित गुरुकुल के छात्रों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का उचित अवसर दिया जाए।

मंडलायुक्त ने स्थानीय उत्पादों और कलाकारों को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया। उन्होंने ओडीओपी उत्पादों सहित स्थानीय उत्पादों के प्रचार-प्रसार के लिए प्रमुख घाटों और होटलों में स्टॉल लगाने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान घाटों की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, सजावट, गंगा घाटों पर सुरक्षा, यातायात और पार्किंग, बिजली, पेयजल, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं तथा अग्निशमन व्यवस्था की समीक्षा की गई। पर्यटकों और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक तैयारियां समय से पूरी करने को कहा गया।

मंडलायुक्त ने नगर निगम को निर्देशित किया कि घाटों पर जमा सिल्ट की सफाई आयोजन से पहले हर हाल में पूरी कर ली जाए। साथ ही प्रमुख घाटों और स्थलों पर स्वच्छता व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया। भीड़ को देखते हुए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के भी निर्देश दिए गए।

उन्होंने कहा कि गंगा महोत्सव और देव दीपावली के दौरान काशी की गंगा-जमुनी संस्कृति, कला, संगीत और आध्यात्मिक परंपरा को देश-दुनिया के सामने प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया जाना चाहिए। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और तैयारियों की नियमित समीक्षा करते रहें।

बैठक में जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार, डीसीपी ट्रैफिक अनिल कुमार यादव, वीडीए सचिव वेद प्रकाश, एडीएम सिटी राजेश कुमार, एडीएम प्रोटोकॉल विनय सिंह सहित पर्यटन एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी और गंगा घाट समितियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। अधिकारियों ने अपने-अपने विभाग की तैयारियों की जानकारी मंडलायुक्त को दी। मंडलायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि आयोजन की तैयारियों में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।