{"vars":{"id": "130921:5012"}}

काशी को मिलेगा रोजगार का बड़ा तोहफा! CM योगी ने परखी अरविंद मिल की तैयारियां, 25 अक्टूबर को PM मोदी करेंगे लोकार्पण

 

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित वाराणसी दौरे को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को मिर्जामुराद स्थित अरविंद मिल की नई औद्योगिक इकाई का निरीक्षण किया और वहां चल रही तैयारियों का जायजा लिया। इस इकाई का लोकार्पण 25 अक्टूबर 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों होना प्रस्तावित है। करीब 100 करोड़ रुपये के निवेश वाली इस परियोजना से एक हजार से अधिक लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को वाराणसी दौरे के दौरान मिर्जामुराद क्षेत्र के खोचवां गांव स्थित जनता इंटर कॉलेज के मैदान में बने हेलीपैड पर पहुंचे। यहां से वह सड़क मार्ग से अरविंद मिल की नई इकाई पहुंचे और वहां की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कंपनी में चल रहे कार्यों और उद्घाटन की तैयारियों की जानकारी ली।

 सात एकड़ से अधिक जमीन पर स्थापित हुई इकाई

अरविंद मिल की यह नई इकाई मिर्जामुराद के रूपापुर चौराहे के पास खोचवां (भड़ेहरा) गांव में हाईवे किनारे सात एकड़ से अधिक भूमि पर स्थापित की गई है। परियोजना में लगभग 100 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है। इकाई के शुरू होने से क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।

कंपनी में काम करने वाली करीब 300 महिलाओं को फिलहाल प्रशिक्षण दिया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रशिक्षण ले रही महिलाओं से बातचीत की और इकाई में चल रही गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की।

स्पोर्ट्स वियर और अंडरगारमेंट का होगा उत्पादन

इस नई इकाई में स्पोर्ट्स वियर और अंडरगारमेंट का उत्पादन किया जाएगा। कंपनी भविष्य में निवेश के दूसरे चरण की भी योजना बना रही है। अरविंद मिल देश के प्रमुख परिधान ब्रांड्स के लिए कपड़े तैयार करने के लिए जानी जाती है। कंपनी की उत्पादन गतिविधियों में जॉकी, यूएस पोलो, एरो जैसे ब्रांड्स के परिधान तथा पैंट, शर्ट, टी-शर्ट और जींस शामिल हैं।

इस परियोजना की आधारशिला 25 अप्रैल 2024 को भूमिपूजन के साथ रखी गई थी। अब इसके उद्घाटन की तैयारियां अंतिम चरण की ओर बढ़ रही हैं। इकाई के संचालन से वाराणसी और आसपास के क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ने तथा औद्योगिक विकास को गति मिलने की उम्मीद है।

निरीक्षण के दौरान प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना, पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, अरविंद मिल के पदाधिकारी और अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।