{"vars":{"id": "130921:5012"}}

राष्ट्रीय खेल दिवस पर काशी में ‘खेलो इंडिया संवाद’, 2036 ओलंपिक की तैयारियों पर होगा मंथन
 

 

वाराणसी। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर 27 अगस्त को काशी में खेल और युवाओं से जुड़ा विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ और धीरेंद्र महिला पीजी कॉलेज में ‘खेलो इंडिया संवाद’ का आयोजन होगा। दोनों स्थानों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी किया जाएगा।

प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद खिलाड़ियों, विद्यार्थियों और युवाओं के साथ खेल से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर संवाद होगा। इस दौरान शहर में खेल सुविधाओं को बेहतर बनाने, नई खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और अधिक से अधिक युवाओं को खेलों से जोड़ने को लेकर चर्चा की जाएगी।

संवाद में 2036 ओलंपिक के लिए खिलाड़ियों को तैयार करने और खेल के क्षेत्र में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने को लेकर भी सुझाव लिए जाएंगे। वाराणसी के स्थानीय खिलाड़ी युवाओं के साथ अपने खेल अनुभव साझा करेंगे और उन्हें खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेंगे।

कार्यक्रम के दौरान युवाओं से प्राप्त सुझावों को एकत्र कर आगे भेजा जाएगा। साथ ही मेरा युवा भारत (MY Bharat) से जुड़ने और पंजीकरण की प्रक्रिया की जानकारी भी दी जाएगी। युवा MY Bharat की सुझाव पेटी में लगे QR कोड को स्कैन कर अपने विचार और सुझाव दर्ज करा सकेंगे।

इसके अलावा ‘विकसित भारत युवा नेतृत्व संवाद-2027’ के सवाल-जवाब कार्यक्रम की जानकारी भी युवाओं को दी जाएगी। अधिकारियों के मुताबिक, इस पहल का उद्देश्य युवाओं को खेलों से जोड़ने के साथ-साथ खेल सुविधाओं और प्रतिभाओं के विकास से जुड़े उनके विचारों को सामने लाना है।

मेरा युवा भारत, वाराणसी के उप निदेशक ने कहा कि ‘खेलो इंडिया संवाद’ के माध्यम से युवाओं को खेलों से जोड़ने और उनकी आवाज को उचित मंच तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।