{"vars":{"id": "130921:5012"}}

सावन में काशी विश्वनाथ के दर्शन से पहले जान लें नए नियम, VIP दर्शन पर रोक, काशीवासियों को मिलेगी ये खास सुविधा

 

वाराणसी। आगामी श्रावण मास को देखते हुए श्री काशी विश्वनाथ धाम में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर व्यापक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। मंगलवार को धाम के बोर्ड रूम में आयुक्त एस. राजलिंगम और पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें श्रावण मास के दौरान दर्शन व्यवस्था, सुरक्षा, चिकित्सा और भीड़ प्रबंधन सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।

काशीवासियों को मिलेगी विशेष झांकी दर्शन की सुविधा

मंदिर प्रशासन ने बताया कि श्रावण सोमवार और प्रमुख पर्व दिवसों को छोड़कर काशीवासियों के लिए प्रतिदिन सुबह 4 से 5 बजे तथा शाम 4 से 5 बजे तक झांकी दर्शन की विशेष व्यवस्था रहेगी।

 


VIP और प्रोटोकॉल दर्शन पूरी तरह बंद

श्रावण मास के दौरान किसी भी प्रकार के विशेष या प्रोटोकॉल दर्शन की अनुमति नहीं होगी। मंदिर प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सभी श्रद्धालुओं को सामान्य कतार से ही दर्शन करने होंगे। किसी भी व्यक्ति के बहकावे या दलालों के झांसे में न आने की अपील भी की गई है।

चार सोमवार पर होगा विशेष श्रृंगार

इस वर्ष श्रावण मास 30 जुलाई से 28 अगस्त 2026 तक रहेगा। वहीं श्रावण के चारों सोमवार को बाबा विश्वनाथ का अलग-अलग स्वरूप में श्रृंगार किया जाएगा। 

3 अगस्त: श्री शंकर स्वरूप श्रृंगार
10 अगस्त: गौरी-शंकर श्रृंगार
17 अगस्त: अर्धनारीश्वर श्रृंगार
24 अगस्त: रुद्राक्ष श्रृंगार
27 अगस्त (पूर्णिमा): झूला श्रृंगार
28 अगस्त (रक्षाबंधन): सामान्य दर्शन
श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं

श्रावण मास में धाम परिसर में पेयजल, चिकित्सकीय सहायता, ओआरएस, इंडस्ट्रियल एयर कूलर, साफ-सफाई, ई-रिक्शा और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा। वृद्ध, दिव्यांग और अशक्त श्रद्धालुओं के लिए गोदौलिया से मैदागिन तक निःशुल्क गोल्फ कार्ट की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।

इन वस्तुओं के साथ नहीं मिलेगा प्रवेश

मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ईयरफोन, बैग, पेन, तंबाकू, नशीले पदार्थ, कॉस्मेटिक और अन्य प्रतिबंधित सामान लेकर कतार में न आएं। अत्यधिक भीड़ के कारण इस बार बैगेज काउंटर भी संचालित नहीं किए जाएंगे।

खाली पेट कतार में न लगने की सलाह

प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि लंबी कतारों और अधिक भीड़ को देखते हुए खाली पेट दर्शन के लिए कतार में न लगें, ताकि स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से बचा जा सके।

ऑनलाइन दर्शन की भी सुविधा

जो श्रद्धालु किसी कारणवश धाम नहीं पहुंच पाएंगे, उनके लिए मंदिर न्यास की आधिकारिक वेबसाइट, यूट्यूब चैनल और अधिकृत प्रसारण प्लेटफॉर्म के माध्यम से बाबा विश्वनाथ के लाइव दर्शन की व्यवस्था भी उपलब्ध रहेगी।

मंदिर प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं से नियमों का पालन करने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है, ताकि श्रावण मास के दौरान दर्शन व्यवस्था सुचारु, सुरक्षित और व्यवस्थित बनी रहे।

इस वर्ष श्रावण मास 30 जुलाई से 28 अगस्त 2026 तक रहेगा। बैठक में जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, मंदिर न्यास के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्व भूषण सहित प्रशासन, पुलिस, सीआरपीएफ, एनडीआरएफ और स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।