{"vars":{"id": "130921:5012"}}

घर से निकलने से पहले जान लें रूट डायवर्जन, वाराणसी में एयर शो के दौरान इन रास्तों पर होगा नो व्हीकल जोन!

 

वाराणसी में 22, 24 और 25 अक्टूबर को प्रस्तावित एयर शो को लेकर यातायात पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। प्रधानमंत्री और अन्य VVIP के आगमन को देखते हुए शहर में यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। इस दौरान कई मार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी, जबकि लोगों की सुविधा के लिए 56 स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। ऐसे में घर से निकलने से पहले ट्रैफिक प्लान जान लेना जरूरी है।

मालवाहक वाहनों और बसों के लिए बदले रास्ते

यातायात पुलिस के अनुसार, मालवाहक वाहनों, रोडवेज और निजी बसों के साथ टेम्पो ट्रैवलर का संचालन रिंग रोड और NH-19 के रास्ते कराया जाएगा। मिर्जापुर की ओर से आने वाले बड़े वाहन औराई-भदोही होकर गुजरेंगे। हालांकि, एंबुलेंस और चार पहिया वाहनों का संचालन जारी रहेगा।

राजघाट पुल पर आवाजाही बंद

एयर शो के दौरान गंगा पर बने पुलों को लेकर भी विशेष व्यवस्था की गई है। राजघाट पुल पर नमो घाट से पड़ाव के बीच वाहनों और पैदल यात्रियों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। सामने घाट पुल पर लंका से रामनगर के बीच दोपहिया वाहनों और पैदल यात्रियों को अनुमति दी जाएगी। वहीं, रिंग रोड और विश्वसुंदरी पुल से सभी वाहनों का आवागमन जारी रहेगा।

56 स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था

वाहनों की पार्किंग के लिए शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में 56 स्थान निर्धारित किए गए हैं। भैंसासुर और शहर क्षेत्र में मछोदरी मैदान, नेशनल इंटर कॉलेज पीलीकोठी, काशी डिपो, टाउनहॉल मैदान, हरिश्चंद्र डिग्री कॉलेज, क्वींस कॉलेज और आईटीआई कॉलेज सहित कई स्थानों पर पार्किंग की सुविधा मिलेगी।

अस्सी और सामने घाट क्षेत्र में BHU कैंपस, रविदास पार्क की VIP पार्किंग, गढ़वा घाट और काशी विद्यापीठ मैदान को चिह्नित किया गया है। रामनगर क्षेत्र में पीएसी ग्राउंड, दुर्गा मंदिर मैदान और लंका मैदान में भी पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

कई इलाके पैदल जोन घोषित

मैदागिन से बुलानाला और गोदौलिया, लक्सा से रामापुरा, अग्रवाल तिराहे से अस्सी और रविदास घाट, लहुराबीर से कबीर चौरा तथा बहादुरपुर रोड से पड़ाव-रामनगर चौराहे तक के कई मार्गों को पैदल संचालन क्षेत्र घोषित किया गया है।

इसके अलावा दुर्गा मंदिर, लंका मैदान, संपूर्णानंद विश्वविद्यालय, BHU कैंपस और यूपी कॉलेज को होल्डिंग एरिया बनाया गया है।

यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित डायवर्जन का पालन करें, वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें और एयर शो के दौरान यात्रा के लिए अतिरिक्त समय लेकर निकलें।

जरूरी संपर्क नंबर:

ट्रैफिक कंट्रोल रूम: 7839856994

हेल्पलाइन: 7317202020