{"vars":{"id": "130921:5012"}}

आज घर से निकलने से पहले जान लें रूट डायवर्जन, PM मोदी के काशी दौरे को लेकर इन रास्तों पर होगा नो व्हीकल जोन

 

वाराणसी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रविवार को वाराणसी आगमन, भ्रमण और प्रस्थान को देखते हुए यातायात पुलिस ने रूट डायवर्जन लागू किया है। वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान शहर के कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। बसों, ऑटो और ई-रिक्शा के लिए अलग-अलग व्यवस्था की गई है। यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि घर से निकलने से पहले निर्धारित वैकल्पिक मार्गों की जानकारी जरूर ले लें और जरूरत के मुताबिक अतिरिक्त समय लेकर चलें।

बसों के लिए बदले गए रास्ते

बाबतपुर की ओर से आने वाली रोडवेज और निजी बसों को वीवीआईपी आगमन से तीन घंटे पहले से कार्यक्रम समाप्त होने तक हरहुआ ओवरब्रिज की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी। इन बसों को हरहुआ रिंग रोड चौराहे की तरफ डायवर्ट किया जाएगा।

जौनपुर, गाजीपुर और आजमगढ़ की ओर जाने वाली बसें हरहुआ रिंग रोड, बावनबीघा और संदहा अंडरपास से वापस लौटेंगी। वहीं, चंदौली, प्रयागराज, सोनभद्र और मीरजापुर की बसों को ठीकाना ढाबा और मोहनसराय से वापस भेजा जाएगा। भदोही की बसें परमपुर और सजोई अंडरपास से लौटाई जाएंगी।

पुलिस लाइन की ओर जाने वाले रास्तों पर रोक

वीवीआईपी आगमन से एक घंटे पहले गिलट बाजार तिराहे से पुलिस लाइन, सेंट्रल जेल तिराहे से जेपी मेहता तिराहे और संदहा अंडरपास से पुलिस लाइन की ओर वाहनों का प्रवेश बंद कर दिया जाएगा। काली माता और पांडेयपुर चौराहे से भी पुलिस लाइन की तरफ वाहनों को जाने की अनुमति नहीं होगी।

इसके अलावा पांडेयपुर, पंचक्रोशी, कज्जाकपुरा ओवरब्रिज, गोलगड्डा, लहरतारा, तेलियाबाग, नमोघाट, भदऊ चुंगी और विश्वेश्वरगंज समेत निर्धारित मार्गों से नमोघाट और गोलगड्डा की ओर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।

ऑटो और ई-रिक्शा के संचालन पर भी पाबंदी

सुबह आठ बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक आंबेडकर चौराहा, जेपी मेहता तिराहा, सर्किट हाउस, भोजूबीर, यूपी कॉलेज और गिलट बाजार क्षेत्र में ऑटो और ई-रिक्शा का संचालन बंद रहेगा। पुलिस लाइन से पांडेयपुर, चौकाघाट, गोलगड्डा और राजघाट तक भी इन वाहनों को चलने की अनुमति नहीं होगी।

वहीं, सूजाबाद से चौकाघाट की ओर ऑटो, ई-रिक्शा और दोपहिया वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।

यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे डायवर्जन का पालन करें, वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें और यात्रा पर निकलने से पहले ट्रैफिक व्यवस्था की जानकारी जरूर प्राप्त कर लें, ताकि जाम और अनावश्यक परेशानी से बचा जा सके।