खोया मोबाइल फोन वापस पाकर खिला कोरियन पर्यटक का चेहरा, वाराणसी पुलिस को कहा थैंक्यू!
Varanasi : सिगरा थाना पुलिस ने सराहनीय तत्परता दिखाते हुए दक्षिण कोरिया से आई एक पर्यटक का खोया मोबाइल फोन बरामद कर उसे सुरक्षित सुपुर्द किया। मोबाइल मिलने पर पर्यटक ने वाराणसी पुलिस की प्रशंसा की।
दक्षिण कोरिया की पर्यटक SEUNGHO JEON ने सोमवार को सिगरा थाना में सूचना दी कि उनका आईफोन 11 यात्रा के दौरान कहीं गुम हो गया है। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार मिश्र ने मोबाइल की तलाश में एक टीम गठित की।
पुलिस टीम ने तकनीकी जांच के साथ-साथ पर्यटक की ट्रेवल एजेंसी से संपर्क किया। एजेंसी से मिली जानकारी के आधार पर बस चालक से बातचीत की गई, जिसने बताया कि एक मोबाइल बस में छूटा मिला है। निर्देश पर चालक ने तुरंत फोन सिगरा थाना में जमा कर दिया।
आवेदिका SEUNGHO JEON ने फोन की पहचान करते हुए पुष्टि की कि यह उनका ही मोबाइल है। सिगरा थाना पुलिस ने औपचारिक प्रक्रिया पूरी कर फोन उन्हें सौंप दिया। मोबाइल मिलने पर उन्होंने वाराणसी पुलिस की सराहना करते हुए धन्यवाद व्यक्त किया।
सराहनीय कार्य करने वाली टीम:
- उ0नि0 जावेद अशरफ, थाना सिगरा
- उ0नि0 नरायण यादव, थाना सिगरा
- म0उ0नि0 कुसुम जायसवाल, थाना सिगरा
पुलिस की इस त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने भी प्रशंसा की है।