चांद मेरा दिल की सफलता के लिए काशी पहुंचे लक्ष्य लालवानी, मां गंगा से लिया आशीर्वाद
वाराणसी। अभिनेता लक्ष्य लालवानी अपनी आगामी फिल्म ‘चांद मेरा दिल’ की सफलता के लिए मां गंगा का आशीर्वाद लेने वाराणसी पहुंचे। इस दौरान उन्होंने विश्व प्रसिद्ध दशाश्वमेध घाट पर आयोजित भव्य गंगा आरती में भाग लिया और श्रद्धालुओं के बीच बैठकर आरती का दिव्य नजारा देखा।
वाराणसी प्रवास के दौरान लक्ष्य ने अपने साथियों के साथ विधिवत गंगा पूजन भी किया। उन्होंने काशी की ऐतिहासिक गलियों का भ्रमण कर शहर की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को करीब से महसूस किया। लक्ष्य सोमवार को वाराणसी पहुंचे थे और मंगलवार सुबह यहां से रवाना हो गए।
गंगा आरती के अनुभव को साझा करते हुए लक्ष्य लालवानी ने कहा कि उन्होंने अब तक गंगा आरती को केवल वीडियो में देखा था, लेकिन प्रत्यक्ष रूप से इसे देखना एक अद्भुत और आध्यात्मिक अनुभव रहा। उन्होंने कहा, “आरती देखकर मन को शांति मिली। यहां का वातावरण और श्रद्धा का भाव मन को बहुत सुकून देता है। पास से आरती देखकर मैं बेहद खुश हूं।”
गौरतलब है कि लक्ष्य लालवानी भारतीय फिल्म और टेलीविजन जगत के उभरते हुए कलाकारों में शामिल हैं। उन्होंने अपने अभिनय करियर की शुरुआत वर्ष 2015 में टीवी शो वॉरियर हाई से की थी। इसके बाद अधूरी कहानी हमारी, प्यार तूने क्या किया और परदेस में है मेरा दिल जैसे लोकप्रिय धारावाहिकों में अभिनय कर दर्शकों के बीच अपनी पहचान बनाई।
लक्ष्य को सबसे अधिक लोकप्रियता ऐतिहासिक टीवी सीरियल पोरस में मुख्य भूमिका निभाने से मिली। इसके बाद उन्होंने फिल्मी दुनिया में कदम रखा और वर्ष 2023 में रिलीज हुई एक्शन फिल्म किल से बॉलीवुड में बतौर नायक पदार्पण किया। इस फिल्म में उनके अभिनय को काफी सराहना मिली और उन्हें सर्वश्रेष्ठ पुरुष नवोदित अभिनेता का फिल्मफेयर पुरस्कार भी प्राप्त हुआ।
इन दिनों लक्ष्य अपनी आगामी फिल्म चांद मेरा दिल को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म की सफलता की कामना के साथ उन्होंने काशी पहुंचकर मां गंगा का आशीर्वाद लिया और आध्यात्मिक नगरी के दिव्य वातावरण का अनुभव किया।