{"vars":{"id": "130921:5012"}}

लंका थाने की महिला कॉन्स्टेबल अंशु का कमाल, स्टेट शूटिंग में स्वर्ण पदक
 

 

वाराणसी। लंका थाना में तैनात महिला आरक्षी अंशु पांडेय ने नई दिल्ली में आयोजित 49वीं स्टेट शूटिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया है। अंशु ने 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशन प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक हासिल किया।

इसके अलावा उन्होंने 50 मीटर राइफल प्रोन (पेट के बल लेटकर निशाना साधना) में रजत पदक तथा 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।

अंशु पांडेय पिछले पांच वर्षों से पूर्वांचल शूटिंग अकादमी में कोच सत्यम सिंह के मार्गदर्शन में नियमित अभ्यास कर रही हैं। उनकी इस उपलब्धि से पुलिस विभाग और पूरे जिले में खुशी का माहौल है।

प्रतियोगिता से लौटने के बाद लंका थाना प्रभारी सहित अन्य पुलिसकर्मियों ने अंशु को सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।