वाराणसी में गृहकर बकायेदारों को आखिरी मौका! आज ओटीएस में रजिस्ट्रेशन का अंतिम दिन, ब्याज पर मिलेगी 100% छूट
वाराणसी में गृहकर के बकायेदार भवन स्वामियों के लिए राहत पाने का आज आखिरी मौका है। नगर निगम की एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) के तहत 14 नवंबर यानी आज तक पंजीकरण कराने वाले भवन स्वामियों को 31 दिसंबर तक गृहकर जमा करने पर ब्याज और सरचार्ज में 100 फीसदी छूट मिलेगी। इसके बाद यह राहत नहीं मिलेगी और बकायेदारों को मूल टैक्स के साथ पूरा ब्याज भी चुकाना होगा। इतना ही नहीं, निर्धारित समय में टैक्स जमा नहीं करने वालों के खिलाफ मकान और संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई भी शुरू की जा सकती है।
हैरानी की बात यह है कि ब्याज माफी का बड़ा मौका मिलने के बावजूद शहर के तमाम भवन स्वामी गृहकर जमा करने में दिलचस्पी नहीं दिखा रहे हैं। नगर निगम के आंकड़ों के मुताबिक, वाराणसी के सभी आठ जोनों में कुल 97,918 भवन स्वामियों पर 295.67 करोड़ रुपये का गृहकर बकाया है। इसमें 209.95 करोड़ रुपये मूल टैक्स और 85.72 करोड़ रुपये ब्याज शामिल है।
ओटीएस योजना के तहत अब तक 25,075 भवन स्वामियों ने पंजीकरण कराया है। इनसे करीब 70.01 करोड़ रुपये की वसूली होनी है, लेकिन अब तक केवल 4,574 भवन स्वामियों ने ही 8.89 करोड़ रुपये जमा किए हैं। वहीं, 20,501 लोग ऐसे हैं, जिन्होंने योजना में आवेदन तो कर दिया, लेकिन अब तक टैक्स जमा नहीं किया है। यही वजह है कि कुल मूल बकाये के मुकाबले वसूली का आंकड़ा महज 4.23 फीसदी पर अटका हुआ है।
दशाश्वमेध में सबसे ज्यादा बकाया, रामनगर में बेहतर वसूली
जोनवार आंकड़ों पर नजर डालें तो दशाश्वमेध जोन में सबसे ज्यादा बकायेदारी है। यहां 15,205 भवनों पर मूल और ब्याज मिलाकर 68.37 करोड़ रुपये बकाया हैं। इस जोन में 7,112 भवन स्वामियों ने ओटीएस के तहत पंजीकरण कराया, लेकिन अब तक केवल 850 लोगों ने ही 1.88 करोड़ रुपये जमा किए हैं।
वहीं, वसूली के प्रतिशत के लिहाज से रामनगर जोन का प्रदर्शन सबसे बेहतर रहा है। यहां 167 बकायेदारों में से 84 लोगों ने टैक्स जमा किया है। इससे वसूली का आंकड़ा 20.61 फीसदी तक पहुंच गया है। दूसरी ओर, सारनाथ जोन में 22,649 भवन स्वामियों पर 32.28 करोड़ रुपये का मूल गृहकर बकाया है। यहां वसूली का प्रतिशत महज 1.56 फीसदी है।
नगर आयुक्त की दो टूक- दोबारा नहीं मिलेगा मौका
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने साफ कहा है कि ओटीएस योजना के तहत पंजीकरण की अंतिम तारीख 14 नवंबर ही है। इसके बाद किसी भी भवन स्वामी को अतिरिक्त समय नहीं दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि 14 नवंबर तक पंजीकरण कराने वाले भवन स्वामियों को 31 दिसंबर तक टैक्स जमा करने पर ब्याज और सरचार्ज में पूरी छूट मिलेगी।
नगर निगम की ओर से बकायेदारों को लगातार एसएमएस, फोन कॉल और चैटबॉट के जरिए संदेश भेजकर जागरूक किया जा रहा है। इसके बावजूद टैक्स जमा नहीं करने वालों के खिलाफ निर्धारित समय-सीमा के बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसमें मकान और अन्य संपत्तियों की कुर्की भी शामिल है।
ऐसे में जिन भवन स्वामियों पर गृहकर बकाया है, उनके पास आज पंजीकरण कराकर ब्याज माफी का लाभ लेने का आखिरी मौका है। नगर निगम ने अपील की है कि कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए समय रहते बकाया गृहकर जमा कर दें।