{"vars":{"id": "130921:5012"}}

नमो घाट पर बड़ा हादसा: बिहार से परीक्षा देने आए 2 किशोर गंगा में डूबे, रेस्क्यू के बाद मिले शव
 

 

वाराणसी। नमो घाट पर गंगा में डूबने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में बिहार से वाराणसी आए दो किशोर गंगा में स्नान के दौरान गहरे पानी में डूब गए। सूचना मिलते ही पुलिस, एनडीआरएफ और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद दोनों के शव बरामद किए गए।

आदमपुर थाना प्रभारी विमल मिश्रा के अनुसार बिहार के मुजफ्फरपुर निवासी राजीव रंजन (17), आदित्य कुमार (16) और आयुष कुमार (15) बुधवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे नमो घाट पहुंचे थे। राजीव रंजन और आयुष कुमार नमस्ते हैंड के समीप गंगा में स्नान करने के लिए उतरे थे। इसी दौरान दोनों गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।

घाट पर मौजूद लोगों तथा उनके साथी आदित्य कुमार ने दोनों को बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी गई, जिसके बाद आदमपुर पुलिस, एनडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की टीम ने संयुक्त रूप से खोज अभियान शुरू किया।

करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद दोनों किशोरों के शव गंगा से बाहर निकाले गए। बताया गया कि राजीव रंजन और आयुष कुमार वाराणसी में पॉलिटेक्निक प्रवेश परीक्षा देने आए थे। हादसे की खबर मिलते ही उनके परिवारों में कोहराम मच गया। परिजन मुजफ्फरपुर से वाराणसी के लिए रवाना हो गए हैं।

पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मंडलीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है।

गौरतलब है कि नमो घाट पर लगातार डूबने की घटनाएं सामने आने के बावजूद लोग गंगा में गहराई तक उतर रहे हैं, जिससे हादसों का खतरा बढ़ता जा रहा है। घटना के बाद घाट पर काफी देर तक लोगों की भीड़ जुटी रही।