काली मंदिर ध्वस्तीकरण के दौरान बड़ा हादसा, गुंबद गिरने से PWD कर्मचारी की मौत, एक घायल
चंदौली। जिले के डीडीयू नगर (मुगलसराय) में सड़क चौड़ीकरण परियोजना के तहत शुक्रवार देर रात प्राचीन काली मंदिर के ध्वस्तीकरण के दौरान बड़ा हादसा हो गया। मंदिर का भारी-भरकम गुंबद अचानक भरभराकर गिर पड़ा। इस हादसे में लोक निर्माण विभाग (PWD) के एक कर्मचारी की मौत हो गई, जबकि एक स्थानीय नागरिक गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, मुगलसराय रेलवे स्टेशन के सामने स्थित वर्षों पुराने काली मंदिर को सड़क चौड़ीकरण परियोजना के तहत हटाया जा रहा था। धार्मिक आस्था का सम्मान करते हुए प्रशासन और स्थानीय लोगों की सहमति से पहले सुभाष पार्क परिसर में नए मंदिर का निर्माण कराया गया। विधि-विधान के साथ मां काली की प्रतिमा को नए मंदिर में स्थापित करने के बाद पुराने मंदिर को ध्वस्त करने की कार्रवाई शुरू की गई थी।
शुक्रवार देर रात लोक निर्माण विभाग और स्थानीय प्रशासन की निगरानी में बुलडोजर से मंदिर का ध्वस्तीकरण कराया जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इसी दौरान मंदिर का ऊपरी गुंबद अचानक टूटकर नीचे गिर पड़ा। गिरते समय गुंबद पहले बुलडोजर से टकराया, जिससे उसका रुख बदल गया और वह पास में खड़े लोगों की ओर जा गिरा।
हादसे में डांडी निवासी PWD कर्मचारी बलदेव यादव (59 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं, मलबे की चपेट में आया एक स्थानीय नागरिक भी गंभीर रूप से घायल हुआ, जिसका अस्पताल में इलाज जारी है।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सुरक्षा कारणों से ध्वस्तीकरण की कार्रवाई कुछ समय के लिए रोक दी गई। सूचना मिलते ही वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम का जायजा लिया।
प्रशासन ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। साथ ही, ध्वस्तीकरण के दौरान अपनाई गई सुरक्षा व्यवस्थाओं और संभावित लापरवाही की भी समीक्षा की जा रही है। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में शोक और चिंता का माहौल है।