{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी में CP मोहित अग्रवाल का बड़ा एक्शन, 8 इंस्पेक्टरों से छीना थानों का चार्ज, 4 लाइन हाजिर

 

 

वाराणसी में पुलिस महकमे के भीतर मंगलवार की रात बड़ा फेरबदल किया गया। पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने एक साथ कई इंस्पेक्टरों और उप निरीक्षकों के कार्यक्षेत्र में बदलाव करते हुए नई तैनाती के आदेश जारी किए। इस फेरबदल में चार इंस्पेक्टरों को थानों से हटाकर पुलिस लाइन भेज दिया गया, जबकि अन्य अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

पुलिस कमिश्नर बनने के बाद से ही मोहित अग्रवाल थानों की कमान इंस्पेक्टरों को सौंपने पर भरोसा जताते रहे हैं। हालांकि, इस बार उन्होंने नई रणनीति के तहत कई थानों के प्रभारियों को हटाकर उप निरीक्षकों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी है। इसके साथ ही डायल-112 और पुलिस कमिश्नर कोर्ट के रीडर पद पर भी नई तैनाती की गई है।

चार इंस्पेक्टरों को भेजा गया पुलिस लाइन

मंगलवार रात जारी तबादला सूची के मुताबिक, इंस्पेक्टर दुर्गा सिंह को भेलूपुर से हटाकर पुलिस लाइन भेजा गया है। इसी तरह अजय राज वर्मा को फूलपुर, सधुवन गौतम को चोलापुर और राजू कुमार को लक्सा थाने से हटाकर पुलिस लाइन में तैनात किया गया है।

वहीं, इंस्पेक्टर इंद्रेश कुमार को विवेचना सेल से हटाकर पर्यटक थाना भेजा गया है। जयप्रकाश सिंह को सीपी कोर्ट के रीडर पद से हटाकर डायल-112 का प्रभारी बनाया गया है।

इसके अलावा सत्य प्रकाश को भेलूपुर से हटाकर पुलिस कमिश्नर कोर्ट का रीडर बनाया गया है, जबकि उदय वीर सिंह-II को क्राइम की विवेचना सेल में नई जिम्मेदारी दी गई है।

इन दरोगाओं को मिली थानों की कमान

इस फेरबदल में कई उप निरीक्षकों को थानाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। नई तैनाती के तहत:

- विकास कुमार मौर्य को कपसेठी से हटाकर फूलपुर का थानाध्यक्ष बनाया गया है।
- अभिजीत सिंह को लोहता से थानाध्यक्ष जंसा की जिम्मेदारी दी गई है।
- दिगंबर उपाध्याय को मंडुवाडीह से थानाध्यक्ष भेलूपुर बनाया गया है।
- सत्यजीत सिंह को जंसा से हटाकर चोलापुर का नया थानाध्यक्ष बनाया गया है।
- अनिकेत श्रीवास्तव को चोलापुर थाने की हल्का-बीट ड्यूटी से हटाकर कपसेठी का थानाध्यक्ष बनाया गया है।
- शिवम मिश्रा को लक्सा थाने की कमान सौंपी गई है।
- प्रशांत पांडेय को रामनगर से हटाकर मंडुवाडीह का थानाध्यक्ष बनाया गया है।
- पीयूष कुमार को काशी जोन से लाकर लोहता का थानाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

मीडिया सेल की भी बदली जिम्मेदारी

पुलिस कमिश्नर ने मीडिया सेल में भी बदलाव किया है। उप निरीक्षक विपिन पांडेय को सारनाथ थाने से हटाकर पुलिस कमिश्नर मीडिया सेल का प्रभारी बनाया गया है।

कुल मिलाकर, पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल के इस फेरबदल से वाराणसी पुलिस की कार्यप्रणाली में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। अब नई जिम्मेदारी पाने वाले अधिकारियों के सामने अपने-अपने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और पुलिसिंग को बेहतर करने की चुनौती होगी।