वाराणसी में भ्रष्टाचार पर बड़ी कार्रवाई: 5000 की रिश्वत लेते सहायक प्रबंधक रंगे हाथ गिरफ्तार
वाराणसी I Varanasi में शुक्रवार शाम भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए Vigilance Establishment Uttar Pradesh की टीम ने जिला उद्योग केंद्र के एक सहायक प्रबंधक को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, आरोपी अधिकारी District Industry Promotion and Entrepreneurship Development Center में तैनात था और लोन सब्सिडी से जुड़े एनओसी जारी करने के बदले उद्यमी से रिश्वत की मांग कर रहा था। आरोपी ने कई दिनों से फाइल को लंबित रखकर पीड़ित को लगातार दफ्तर के चक्कर लगवाए।
पीड़ित अमितेश चौरसिया, निवासी शिवपुर कादीपुर, ने ग्रामीण बैंक महावीर मंदिर शाखा से सिल्क प्रोडक्ट्स के लिए 11 लाख रुपये का ऋण लिया था। ऋण प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसने सब्सिडी के लिए आवेदन किया था, जिसके लिए एनओसी जारी की जानी थी।
आरोप है कि सहायक प्रबंधक श्रीपाल ने एनओसी देने के बदले 5000 रुपये की मांग की। लगातार उत्पीड़न से परेशान उद्यमी ने इसकी शिकायत एंटी करप्शन टीम से की। इसके बाद जाल बिछाकर टीम ने लहरतारा के पास आरोपी को 5000 रुपये लेते हुए पकड़ लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को कैंट थाने लाया गया, जहां टीम इंचार्ज की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस और एंटी करप्शन विभाग मामले की आगे की जांच में जुट गए हैं।