वाराणसी पुलिस में बड़ा फेरबदल, राजेश पाण्डेय को मिली वरुणा जोन की कमान, गौरव बंसवाल को पुलिस लाइंस का भी चार्ज
वाराणसी के पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने सोमवार देर रात तीन डीसीपी के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया। आईपीएस तबादला सूची में वाराणसी से हटाए गए प्रमोद कुमार को वरुणा जोन और पुलिस लाइंस के चार्ज से रिलीव कर दिया गया है। उनके स्थान पर कानपुर से स्थानांतरित होकर वाराणसी पहुंचे डीसीपी राजेश पाण्डेय को वरुणा जोन का नया डीसीपी बनाया गया है।
राजेश पाण्डेय वाराणसी में पहले एडीसीपी ट्रैफिक की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। शहर की पुलिस व्यवस्था और प्रमुख इलाकों से उनकी पुरानी परिचितता को देखते हुए उन्हें वरुणा जोन की जिम्मेदारी दी गई है। वह मंगलवार को वरुणा जोन कार्यालय पहुंचकर अपना कार्यभार संभालेंगे।
वहीं, काशी जोन के डीसीपी गौरव बंसवाल के कार्यक्षेत्र में भी विस्तार किया गया है। अब उन्हें काशी जोन के साथ पुलिस लाइंस के डीसीपी की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी सौंपी गई है। पुलिस लाइंस का अतिरिक्त चार्ज इससे पहले प्रमोद कुमार के पास था।
वरुणा जोन की जिम्मेदारी राजेश पाण्डेय के लिए अहम मानी जा रही है। इस जोन में जिला मुख्यालय और न्यायालय जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्र आते हैं। इसके अलावा यहां लगातार होने वाले वीआईपी मूवमेंट के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था भी बड़ी चुनौती रहती है। ऐसे में आने वाले दिनों में कानून-व्यवस्था के साथ वीआईपी ड्यूटी और पुलिसिंग व्यवस्था को लेकर उनकी भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी।