{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी में ‘ऑपरेशन मुस्कान’ की बड़ी सफलता, जीआरपी ने बरामद किए 80 लाख के 400 मोबाइल
 

 

वाराणसी। राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) वाराणसी कैंट ने ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए विभिन्न तिथियों में गुम हुए 400 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 80 लाख रुपये है। शुक्रवार, 27 नवंबर को जीआरपी ने 90 मोबाइल स्वामियों को थाने बुलाकर उनके फोन वापस सौंपे। लंबे समय बाद अपने खोए हुए मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे।

पुलिस महानिदेशक रेलवे प्रकाश डी, पुलिस महानिरीक्षक रेलवे प्रयागराज एन. कोलांची, पुलिस अधीक्षक रेलवे प्रयागराज प्रशांत वर्मा और पुलिस उपाधीक्षक रेलवे वाराणसी कुंवर प्रभात सिंह के निर्देशन में ‘ऑपरेशन मुस्कान’ अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत रेलवे स्टेशनों, प्लेटफॉर्म और सर्कुलेटिंग एरिया में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने, अपराधियों की गिरफ्तारी और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।

सर्विलांस टीम की मदद से मिली सफलता

जीआरपी कैंट के प्रभारी निरीक्षक राजोल नागर के नेतृत्व में थाना पुलिस और सर्विलांस टीम ने मोबाइल गुमशुदगी के विभिन्न मामलों में लगातार प्रयास करते हुए 400 मोबाइल फोन बरामद किए। इसके बाद संबंधित मोबाइल स्वामियों से संपर्क कर उन्हें फोन बरामद होने की सूचना दी गई।

90 लोगों को लौटाए गए मोबाइल

शुक्रवार को जीआरपी कैंट थाने में 90 मोबाइल स्वामियों को बुलाकर सामूहिक रूप से उनके फोन सौंपे गए। शेष मोबाइलों को भी उनके वास्तविक स्वामियों तक पहुंचाने की प्रक्रिया जारी है। अपने मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने खुशी जाहिर करते हुए जीआरपी पुलिस के प्रयासों की सराहना की।