{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी में दिनदहाड़े चेन स्नैचिंग करने वाला बदमाश गिरफ्तार… मिट्टी से नंबर प्लेट छिपाकर करता था वारदात

 

Varanasi : सारनाथ थाना क्षेत्र में चैन स्नैचिंग की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से छीनी गई पीली धातु की चैन और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।

सारनाथ पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई की। पुलिस ने आरोपी बबलू जायसवाल को 10 मई 2026 की रात करीब 1:48 बजे हृदयपुर रिंग रोड के पास से गिरफ्तार किया।

महिला के गले से छीनी थी चैन

पुलिस के मुताबिक, 4 मई 2026 को एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि जब वह सामान लेकर घर लौट रही थी, तभी बाइक सवार बदमाश उसके गले से सोने की चैन छीनकर फरार हो गया। मामले में थाना सारनाथ में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

मिट्टी लगाकर छिपाया था नंबर प्लेट

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने वारदात के दौरान बाइक के नंबर प्लेट पर मिट्टी का लेप लगा दिया था ताकि पहचान छिपाई जा सके। आरोपी छीनी गई चैन को किसी राहगीर को बेचने की फिराक में था, तभी पुलिस ने उसे दबोच लिया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 10.320 ग्राम वजन की पीली धातु की चैन बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1.40 लाख रुपये बताई जा रही है।

आरोपी पर पहले से कई मुकदमे दर्ज

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी पर वाराणसी समेत अन्य जिलों में लूट, चोरी, धोखाधड़ी और आर्म्स एक्ट के कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं।

इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष पंकज कुमार त्रिपाठी समेत सारनाथ थाना पुलिस की टीम शामिल रही। पुलिस आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।