वाराणसी में पारिवारिक विवाद के बीच चली गोली, पिता से रिवॉल्वर छीनने की कोशिश में युवक घायल
वाराणसी। भेलूपुर थाना क्षेत्र के ककरमत्ता स्थित न्यू कॉलोनी लोहित रेजिडेंसी में शुक्रवार दोपहर पारिवारिक विवाद के दौरान 32 वर्षीय प्रवीण कुमार सिंह गोली लगने से घायल हो गए। गोली उनके दाहिने हाथ में लगी है। उन्हें ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, घटना के समय प्रवीण का अपने पिता बिंदा कुमार सिंह से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। बिंदा सिंह लोक निर्माण विभाग के सेवानिवृत्त जेई हैं। विवाद बढ़ने पर पिता-पुत्र के बीच मारपीट हुई। इसी दौरान प्रवीण ने पिता के पास मौजूद रिवॉल्वर छीनने की कोशिश की और कथित तौर पर छीना-झपटी के दौरान गोली चल गई।
पिता ने पुलिस चौकी पहुंचकर दी सूचना
घटना के बाद बिंदा कुमार सिंह महमूरगंज पुलिस चौकी पहुंचे और पुलिस को मामले की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल प्रवीण को इलाज के लिए ट्रामा सेंटर भेजा।
भेलूपुर इंस्पेक्टर दुर्गा सिंह के मुताबिक, घटना के समय घर में बिंदा सिंह, उनकी पत्नी और बड़ा बेटा प्रवीण मौजूद थे। पुलिस ने बिंदा सिंह को रिवॉल्वर के साथ हिरासत में लिया है और मामले की जांच की जा रही है।
घटना को लेकर ज्यादा जानकारी देने से बच रहा परिवार
पुलिस के मुताबिक, पिता और पुत्र दोनों घटना के बारे में विस्तृत जानकारी देने से बच रहे हैं। ऐसे में पुलिस आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर घटनाक्रम की परिस्थितियों को समझने का प्रयास कर रही है।
स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि परिवार में अक्सर आपसी विवाद की स्थिति बनती थी। प्रवीण पढ़ाई पूरी करने के बाद फिलहाल बेरोजगार बताए जा रहे हैं। उनका छोटा भाई 30 वर्षीय अमित सिंह अरुणाचल प्रदेश में सीमा सड़क संगठन (BRO) में कार्यरत है।
पुलिस का कहना है कि रिवॉल्वर से गोली किन परिस्थितियों में चली, इसकी विस्तृत जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।