गो तस्करी में मुखबिरी के शक में कत्ल: वाराणसी में दबंगों ने युवक को घर से उठाया, पीट-पीटकर मार डाला
वाराणसी: रोहनिया थाना क्षेत्र के पंडितपुर गांव में शनिवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां 17 वर्षीय युवक का अपहरण कर बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी गई। इस वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान पंडितपुर निवासी सानू अली (17) के रूप में हुई है, जो पेशे से राजमिस्त्री का काम करता था।
घर से बुलाकर जबरन ले गए, पुलिया पर की पिटाई
परिजनों के अनुसार, शनिवार रात करीब 9 बजे बबलू नामक युवक अपने 8-9 साथियों के साथ सानू के घर पहुंचा। उसने सानू पर मोबाइल चोरी का आरोप लगाया। सानू के इनकार करने पर आरोपियों ने हंगामा किया और उसे जबरन बाइक पर बैठाकर अपने साथ ले गए।
परिजनों का कहना है कि आरोपी उसे पुलिस चौकी ले जाने की बात कह रहे थे, लेकिन उसे गांव से करीब एक किलोमीटर दूर पेट्रोल पंप के सामने स्थित पुलिया पर ले जाकर बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही तोड़ा दम
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन आरोपियों के पीछे-पीछे पहुंचे, जहां सानू पुलिया के पास अधमरी हालत में पड़ा मिला। उसे तत्काल हेरिटेज अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
रंजिश में हत्या का आरोप
मृतक के ताऊ अख्तर अली ने बताया कि आरोपी पहले गो-तस्करी के मामले में जेल जा चुका है। उसे शक था कि सानू ने ही मुखबिरी कर उसे गिरफ्तार करवाया था। इसी रंजिश के चलते उसने साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया।
सानू अपने तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। पिता की कुछ वर्ष पहले मृत्यु हो चुकी है, जिसके बाद पूरे परिवार की जिम्मेदारी उसी पर थी। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका आरोप है कि घटना की सूचना देने के बावजूद पुलिस समय पर नहीं पहुंची। जब तक पुलिस मौके पर पहुंची, तब तक सानू की मौत हो चुकी थी।
इस मामले में एसीपी रोहनिया संजीव शर्मा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।