वाराणसी में विपक्षियों पर बरसे मनोज तिवारी, मछली-भात खाने वाले फोटो पर बोले- सपा फैला रही भ्रम
वाराणसी : भाजपा सांसद मनोज तिवारी बुधवार को वाराणसी पहुंचे, जहां उन्होंने पश्चिम बंगाल की राजनीति, ममता सरकार और विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा। वह अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) की ओर से बीएचयू में आयोजित राष्ट्रीय कला मंच कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे।
इस दौरान उन्होंने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर हमला बोलते हुए कहा, “ममता दीदी को सुनकर लगता है कि उनका सिस्टम थोड़ा हिला हुआ है। पश्चिम बंगाल में ऐसी सरकार देनी है जो किसी के साथ भेदभाव न करे। अब वहां काबा नहीं, मां काली की पूजा होगी।”
‘ममता सरकार ने मां, मानुष और माटी को रुलाया’
मनोज तिवारी ने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता अब बदलाव चाहती है और ममता बनर्जी को सत्ता से बाहर करने का मन बना चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में लोगों को मंदिरों में पूजा करने और त्योहार मनाने में भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा, “ममता सरकार ने मां, मानुष और माटी तीनों को रुला दिया है। भाजपा की सरकार बनते ही बंगाल में कानून का राज कायम होगा और वहां भी भगवा लहराएगा।”
बीजेपी 15-20 सीटों से आगे: मनोज तिवारी
पश्चिम बंगाल के चुनावी माहौल को लेकर भाजपा सांसद ने दावा किया कि पार्टी राज्य में मजबूत स्थिति में है। उन्होंने कहा कि भले ही सर्वे “नेक टू नेक” मुकाबला दिखा रहे हों, लेकिन भाजपा 15 से 20 सीटों की बढ़त में है।
उन्होंने बताया कि अब तक वह 25 चुनावी सभाएं कर चुके हैं और आगे भी प्रचार अभियान जारी रहेगा। उनके मुताबिक राज्य की जनता विकास और निष्पक्ष शासन चाहती है।
AI फोटो वायरल करने का लगाया आरोप
मछली-भात खाने से जुड़े सवाल पर मनोज तिवारी ने कहा कि AI तकनीक का गलत इस्तेमाल कर उनके खिलाफ फर्जी फोटो और वीडियो वायरल किए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी के लोग उनकी छवि खराब करने की कोशिश कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, “मैं कभी नॉनवेज नहीं खाता हूं। भाजपा गौमांस छोड़कर किसी भी भोजन का विरोध नहीं करती, लेकिन सपा वाले मेरा मछली खाते हुए फोटो वायरल कर रहे हैं।”
उन्होंने यह भी कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयानों को भी गलत तरीके से पेश किया जा रहा है। उनके अनुसार, इससे साफ है कि पश्चिम बंगाल में विपक्ष भाजपा से घबराया हुआ है।