{"vars":{"id": "130921:5012"}}

सांसद मनोज तिवारी के बड़े भाई साधु शरण तिवारी का निधन, मणिकर्णिका घाट पर हुआ अंतिम संस्कार

 

Varanasi : उत्तर-पूर्वी दिल्ली से सांसद और भोजपुरी गायक मनोज तिवारी के बड़े भाई साधु शरण तिवारी का निधन हो गया। उनके पार्थिव शरीर का अंतिम संस्कार रविवार को वाराणसी के मणिकर्णिका घाट पर किया गया। दोपहर करीब 12:30 बजे वैदिक परंपराओं के अनुसार अंतिम संस्कार की रस्में पूरी की गईं।

साधु शरण तिवारी के सबसे छोटे बेटे उदय तिवारी ने मुखाग्नि देकर अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की। इस दौरान परिवार के सदस्य और करीबी लोग भावुक नजर आए।

परिवार और करीबी लोग रहे मौजूद

अंतिम विदाई के दौरान मनोज तिवारी के छोटे भाई दुर्गा शंकर तिवारी, बेटे उदय तिवारी और रवि तिवारी समेत कृष्ण चौबे, राजेश तिवारी, सातुआ बाबा, चंद्रजीत मिश्रा, गुड्डू और प्रभुनाथ राय सहित परिवार के अन्य सदस्य एवं करीबी लोग मौजूद रहे।

परिवार के सदस्यों ने मणिकर्णिका घाट पर वैदिक परंपराओं के अनुसार अंतिम संस्कार की सभी रस्में पूरी कीं और साधु शरण तिवारी को श्रद्धांजलि अर्पित की।

मनोज तिवारी ने जताया गहरा दुख

भाई के निधन से मनोज तिवारी शोक में हैं। उन्होंने अपने बड़े भाई को याद करते हुए दुख व्यक्त किया और कहा कि यह परिवार के लिए बेहद कठिन और अपूरणीय क्षति का समय है।

अंतिम संस्कार के दौरान परिवार के सदस्यों ने साधु शरण तिवारी से जुड़ी यादों को साझा किया और उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। मणिकर्णिका घाट पर मौजूद माहौल बेहद भावुक रहा।