{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी के जैतपुरा में कबाड़ गोदाम में लगी भीषण आग : कई सिलेंडर फटे, कई झोपड़ियां जलकर राख

 

वाराणसी के जैतपुरा थाना क्षेत्र में गुरुवार को भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। बगवानाला के पास स्थित एक कबाड़ गोदाम में अचानक आग भड़क उठी, जिसने देखते ही देखते आसपास की झोपड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया।

आग इतनी तेजी से फैली कि करीब कई झोपड़ियां जलकर राख हो गईं। घटना के दौरान इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए घरों से बाहर निकल आए।

कई छोटे सिलेंडर फटे

स्थानीय लोगों के अनुसार, आग लगने के दौरान कई छोटे गैस सिलेंडर भी फट गए, जिससे धमाकों की आवाज सुनकर आसपास के लोग दहशत में आ गए। आग से उठता काला धुआं दूर-दूर तक दिखाई दे रहा था।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फायर कर्मियों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

समय रहते पाया गया काबू

अग्निशमन अधिकारी इंद्रजीत वर्मा ने बताया कि समय रहते दमकल टीम ने कार्रवाई शुरू कर दी, जिससे आग को और फैलने से रोक लिया गया।

उन्होंने कहा कि अगर समय पर आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता, तो नुकसान और बड़ा हो सकता था।

राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि आग में झोपड़ियों में रखा सामान पूरी तरह जल गया, जिससे कई परिवारों को भारी नुकसान हुआ है।

फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।