{"vars":{"id": "130921:5012"}}

विकसित उत्तर प्रदेश के संकल्प में मीडिया बनेगा सशक्त सहयोगी: प्रो. मोहम्मद फरियाद

 

Varanasi : महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग ने सोमवार को '2047 विकसित उत्तर प्रदेश के संकल्प में मीडिया की भूमिका' विषय पर एक विशेष व्याख्यान का आयोजन किया। मानविकी संकाय के थिएटर कक्ष में हुए इस कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में मौलाना आजाद राष्ट्रीय उर्दू विश्वविद्यालय, हैदराबाद के स्कूल ऑफ जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन के संकायाध्यक्ष प्रो. मोहम्मद फरियाद ने उपस्थित छात्रों व शिक्षकों को संबोधित किया। प्रो. फरियाद ने जोर देकर कहा कि विकसित उत्तर प्रदेश के महती संकल्प को साकार करने में मीडिया की भूमिका न केवल महत्वपूर्ण, बल्कि निर्णायक होगी।

प्रो. फरियाद ने व्याख्यान की शुरुआत में मीडिया को 'दोधारी तलवार' करार दिया। उन्होंने कहा कि मीडिया सतत विकास की दिशा में सकारात्मक ऊर्जा का संचार कर सकता है, लेकिन इसका दुरुपयोग समाज के पतन का कारण भी बन सकता है। वर्तमान परिदृश्य में मीडिया का स्तर गिर रहा है, जहां चाटुकारिता हावी हो गई है। विकास की खबरों को सकारात्मक रूप से प्रस्तुत करने से ही जनमानस में उत्साह का संचार होगा। 

उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि जब तक अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को मूलभूत सुविधाएं—जैसे स्वच्छ पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य—नहीं मिलेंगी, तब तक सच्चा विकास संभव नहीं। प्रो. फरियाद ने स्पष्ट किया कि 'विकसित भारत' का अर्थ 'आत्मनिर्भर भारत' है, जिसमें हर क्षेत्र—कृषि, उद्योग, शिक्षा में स्वावलंबन अनिवार्य है। नागरिकों के सक्रिय सहयोग के बिना न तो उत्तर प्रदेश और न ही देश विकसित हो सकता है। पत्रकारिता के भावी पेशेवरों को हमेशा जागरूक रहना चाहिए, क्योंकि उनकी कलम का असर राष्ट्र निर्माण पर पड़ता है।

विषय स्थापना करते हुए विभागाध्यक्ष डॉ. नागेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश के बिना भारत का विकास अधूरा है। प्रदेश ही देश का इंजन है। मीडिया को मजबूत बनाना विकसित भारत के लिए अति आवश्यक है, क्योंकि इसके गिरने से समाज और राष्ट्र दोनों प्रभावित होते हैं। उन्होंने छात्रों को संबोधित करते हुए जोड़ा,आपके कंधों पर भारत का भविष्य टिका है। सकारात्मक पत्रकारिता से ही सशक्त समाज का निर्माण संभव है।

कार्यक्रम का स्वागत डॉ. प्रभा शंकर मिश्र ने किया, संचालन डॉ. चन्द्रशील पाण्डेय ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. मनोहर लाल ने किया। इस अवसर पर डॉ. नागेंद्र पाठक, डॉ. गिरीश दुबे, डॉ. अजय वर्मा, डॉ. अमित कुमार सिंह, डॉ. अर्चना सिंह, विजय कुमार सिंह, खुश्बू सिंह, दिलकशा, स्तुति, पीयूष, कोमल, उद्देश्य, पुलकित, आशीष, फैजान, लुकमान, हर्ष, गौरव, जय कृष्णा, मनीष, ज्योति, दिशान आदि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।