{"vars":{"id": "130921:5012"}}

काशी में भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन, समाज में सद्भाव और एकता का संदेश
 

 

वाराणसी। नवसंवत्सर के शुभ अवसर पर आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक नगरी काशी के तुलसीघाट स्थित स्व. प्रो. वीरभद्र मिश्र वाटिका में सर्व ब्राह्मण महासभा के तत्वाधान में भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भूतभावन भोलेनाथ, मां अन्नपूर्णा, भगवान परशुराम एवं मां गंगा के श्रीचरणों में श्रद्धा अर्पित करते हुए कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं पुष्पांजलि के साथ हुआ।

समारोह के मुख्य अतिथि संकट मोचन फाउंडेशन के अध्यक्ष प्रो. विशंभर नाथ मिश्रा तथा मुख्य अति विशिष्ट अतिथि उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सर्व ब्राह्मण महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पं. कमलाकांत उपाध्याय ने की।

वैदिक एवं पौराणिक मंगलाचरण पं. आदित्य मिश्रा और पं. आयुष द्विवेदी द्वारा प्रस्तुत किया गया, जबकि स्वागत गान पं. राकेश कुमार चौबे ‘संगम’ ने प्रस्तुत किया। मुख्य अतिथि प्रो. मिश्रा ने होली के अवसर पर समाज में सद्भाव, सद्विचार और भाईचारे को बढ़ावा देने का आह्वान किया। वहीं डॉ. नीलकंठ तिवारी ने होली मिलन को सामाजिक एकता का सशक्त माध्यम बताते हुए सभी को हिंदू नववर्ष की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम के दौरान ‘जनमानस’ वार्षिक पत्रिका का विमोचन भी किया गया। साथ ही ब्राह्मण समाज से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विद्वानों ने अपने विचार रखे। वक्ताओं ने यूजीसी कानून वापस लेने, जाति आधारित आरक्षण समाप्त करने, समान नागरिक संहिता लागू करने, मठ-मंदिरों के पुजारियों के लिए वेतन निर्धारण, कृषि भूमि के व्यवसायीकरण पर रोक तथा देवी-देवताओं की मूर्तियों के व्यवसायीकरण को बंद करने जैसे विषयों पर जोर दिया।

कार्यक्रम में संस्था के संरक्षक सदस्यों को ‘काशी रत्न’ सम्मान से सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में प्रो. उमा त्रिपाठी, कर्नल दिनेश चंद्र उपाध्याय, प्रो. राघव राम मिश्र, पं. आशीष शर्मा, डॉ. अमित तिवारी, डॉ. विद्यासागर पांडे, डॉ. रवि रंजन शर्मा और डॉ. श्रेयांस द्विवेदी प्रमुख रहे।

स्वागत भाषण डॉ. राजेश पाठक ने दिया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन बसंत राय द्वारा किया गया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. गणेश शास्त्री ने किया। संस्था के उपाध्यक्ष पं. कृष्णानंद चौबे ने संगठन की गतिविधियों पर विस्तृत प्रकाश डाला।

समारोह में कई विशिष्ट अतिथियों और गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही। अंत में सर्व ब्राह्मण महासभा युवा मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अरुण कुमार उपाध्याय ने आरक्षण समाप्त करने एवं यूजीसी के कानून को वापस लेने की मांग दोहराई।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य लोग उपस्थित रहे और होली के इस आयोजन के माध्यम से सामाजिक समरसता एवं एकता का संदेश दिया गया।